जूली बोले-कांग्रेस ने 70साल भवन बनाने पर ध्यान नहीं दिया:भाजपा एक बार सत्ता में आई, दिल्ली और पूरे देश में भवन बना रही

जयपुर में रविवार को प्रदेश कांग्रेस के नए मुख्यालय भवन के निर्माण का शुभारंभ हुआ। पूजा कर भवन निर्माण का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह राजस्थान की आम जनता के लिए कांग्रेस का भवन है। कांग्रेस आमजन की पार्टी है। मैं पीसीसी अध्यक्ष गोविंद डोटासरा को धन्यवाद देना चाहूंगा।एक बहुत बड़े काम का शुभारंभ आज करवाया है। उन्होंने कहा- मैं कहना चाहूंगा कि इस भवन के निर्माण में एक-एक कार्यकर्ता का योगदान रहेगा। सब लोग सामूहिक रूप से चंदा इकट्ठा करके भवन बनाने का काम करेंगे। हमारा भवन ऐतिहासिक बनेगा। यह जनता को समर्पित रहेगा। कांग्रेस ने 70 सालों में कभी भवन बनाने पर ध्यान नहीं दिया मैं यह भी कहना चाहूंगा कि भारतीय जनता पार्टी कहती है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। यह कांग्रेस पार्टी है, जिसमें 70 सालों में कभी भवन बनाने पर ध्यान नहीं दिया। इस देश की इमारतें बनाने का काम किया। भारतीय जनता पार्टी एक बार सत्ता में आई है। आते ही पूरे हिंदुस्तान के अंदर, दिल्ली और हर जिले में इन्होंने भवन बनाने का काम किया। भाजपा खुद के संसाधन बनाने में लगी आप समझ सकते हैं कि कांग्रेस ईमानदारी से देशहित, राज हित में काम करती रही है। यह लोग सत्ता में आते ही खुद के संसाधन बनाने में लगे हैं। यह अंतर कांग्रेस और भाजपा में है। जनता यह जान चुकी है। पांच मंजिला बनेगा कांग्रेस का नया भवन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- मैं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने इस भवन की भूमि का शिलान्यास किया। आज हमारे सभी नेतागणों के सामने पूजा का कार्यक्रम हुआ है। आज से कार्य शुरू हुआ है। यह दो बेसमेंट और तीन मंजिल का कुल पांच मंजिला भवन होगा। इसमें हमारे में कांग्रेस समेत सभी संगठनों के कार्यालय होंगे। मैं समझता हूं कि यह हमारी आवश्यकता थी। क्योंकि अभी जो हमारा भवन है वहां पर ट्रैफिक की समस्या रहती है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शांति धारीवाल जी ने 6000 वर्ग मीटर की जमीन उपलब्ध करवाई। डेढ़ से दो साल में हम इस भवन को तैयार कर लेंगे। हम एक भी रुपया नगद नहीं ले रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है। जब भवन निर्माण के लिए मीटिंग हुई थी। सभी ने आगे बढ़कर मदद करने के लिए उत्साह दिखाया। इसके लिए हमारा ऑनलाइन खाता है। हम एक भी रुपया नगद नहीं ले रहे हैं। इस दौरान एआईसीसी राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।