एक्ट्रेस लेट हुई,राजकुमार राव डायरेक्टर संग लोगों के बीच पहुंचे:भाषा विवाद पर बोले- इस विषय को ज्यादा पढ़ नहीं पाया, कमेंट करूंगा तो ठीक नहीं होगा

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर जयपुर पहुंचे हैं। इस बार वह अपनी फिल्म ‘मालिक’ के प्रमोशन के लिए आए हैं। राजकुमार राव के साथ एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर और डायरेक्ट पुलकित भी जयपुर पहुंचे हैं। इवेंट के दौरान एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर लेट हुई तो एक्टर राजकुमार राव डायरेक्टर पुलकित के साथ ही राजमंदिर की बालकनी पर लोगों से बात करने पहुंच गए। राजकुमार ने कहा- पहली बार एक्शन कर रहा हूं, इसलिए यह फिल्म बहुत खास है। दर्शकों को इस बार खूब एक्शन दिखेगा, लोगों को अलग तरह का राजकुमार दिखेगा। फिल्म की टैग लाइन 'पैदा नहीं हुए तो क्या बन तो सकते हैं मालिक।' यह सभी के लिए लागू होती है। मराठी और हिन्दी के विवाद पर चुप्पी साधी मुम्बई में चल रहे मराठी और हिन्दी के विवाद पर राजकुमार ने कहा- हम लोग काफी समय से इस फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं। इस विषय को ज्यादा पढ़ नहीं पाया। इसलिए बिना जानकारी के मैं इस पर कमेंट करूंगा तो ठीक नहीं होगा। इसके बारे में पहले पढ़ना चाहूंगा कि आखिर में मुद्दा क्या है। मीडिया ने इस पर जनरल राय पूछी तो उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली। इतने समय बाद एक्शन फिल्म के चयन पर राजकुमार राव ने कहा- मैं एक सही कहानी का इंतजार कर रहा था। मुझे पहले भी एक्शन फिल्में ऑफर हुई, लेकिन उनकी कहानी में दम नहीं लगा। जब मालिक पढ़ी और सुनी तो लगा कि इस फिल्म में एक्शन के साथ जबरदस्त कहानी लिखी हुई है। ऐसा किरदार मैं काफी समय से ढूंढ़ रहा था। पुलकित जैसा डायरेक्टर मुझे मिला, जिसके साथ काम करके मजा आया। ये वह सही व्यक्ति थे, जिनके जरिए मुझ एक्शन जोनर में शुरुआत करनी थी। दाढ़ी निकालते ही और बाल कटवाते ही मालिक के किरदार से बाहर आ गया राजकुमार राव से जब उनके एंग्री रोल और इंटेंस किरदार से बाहर निकलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- जब मैंने मालिक के किरदार वाली दा निकाली और बाल कटवाए। वह किरदार मिरर में नजर नहीं आया। ऐसे में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। फिल्म में गुस्सा मालिक का है। वह गुस्सा मालिक में ही रहे तो अच्छा है। बतौर राजकुमार आपको गुस्सा पसंद नहीं आएगा। राजकुमार राव ने कहा कि अब तक मैंने अलग-अलग जोनर की फिल्में की हैं। लोगों को हंसाया और रुलाया है। अलग-अलग कहानियां दी है। कुछ बायोपिक भी दिखाई हैं। इन सभी को खूब प्यार मिला है। अब बड़े पर्दे पर आपको अलग तरह का एक्सपीरियंस देने के लिए एक्शन लेकर आया हूं। यह मैंने कभी नहीं किया। एक्ट्रेस बोलीं- जो गलत लगता है नहीं करें एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर ने कहा- मिस इंडिया के लिए गई थी तो मुझे कोई एक्सपीरियंस नहीं था। गाइड करने वाला नहीं था। परिवार का बहुत सपोर्ट था। किस तरह से आगे जाना था, वह उनके सपोर्ट से तय हुआ। मैंने सीधे मॉडलिंग में एंट्री नहीं की। फिल्मों में पैजेंट के थ्रू ही आई। मिस इंडिया के बाद मैं मिस वर्ल्ड चली गई। इस तरह के प्लेटफॉर्म में यदि आप इंडस्ट्री से नहीं हो तो यह सही रहता है। क्योंकि वहां उनकी टीम होती है। जो आपको गाइड करती है। जिन्होंने कई लड़कियों की जर्नी देखी होती है। वैसे कहूं कि लाइफ के बेसिक प्रिसिंपल होते हैं। वह आपको घर या स्कूल से मिले हैं। उन्हें हर फील्ड में फॉलो करना पड़ता है। जो आपको सही लगता है, वो ही करें। जो गलत लगता है नहीं करें। चाहे इसके लिए कोई आपको कितना ही फोर्स करे। यही मैंने सीखा है। आप अपना रास्ता बनाएं, फोकस रहें। इसके बाद आप यदि आप छोटे शहर से भी हो तो आपको रास्ता मिल जाएगा। दरअसल, राजकुमार राव का जयपुर से गहरा नाता है। वे इसे अपना 'लकी शहर' मानते हैं। लगभग हर फिल्म के प्रमोशन या शूटिंग के लिए यहां जरूर आते हैं। फिल्म 'हिट' और 'मिस्टर एंड मिसेज माही' की शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा भी जयपुर में ही फिल्माया गया था। फिल्म ‘मालिक’ को पुल्कित ने निर्देशित किया है, जो इससे पहले राजकुमार के साथ चर्चित वेब सीरीज ‘बोस: डेड/अलाइव’ कर चुके हैं। दोनों की यह जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। फिल्म 11 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'मालिक' एक राजनीतिक थ्रिलर है, जिसमें राजकुमार राव एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे जो सत्ता, व्यवस्था और सामाजिक अन्याय के बीच संघर्ष करता है। यह फिल्म न केवल उनकी परफॉर्मेंस की रेंज को दर्शाएगी, बल्कि दर्शकों को सोचने पर मजबूर करने वाले सवालों से भी रूबरू कराएगी। जयपुर के साथ राजकुमार का फिल्मी रिश्ता राजकुमार राव जयपुर को अपना सौभाग्यशाली ठिकाना मानते हैं। पिछले एक साल में ही उन्होंने पांच बार जयपुर में फिल्म प्रमोशन के लिए कदम रखा। राजमंदिर से उनका जुड़ाव भी बहुत खास है। वे अक्सर इस सिनेमा में अपने फैंस से मिलते हैं और इसे फिल्म प्रमोशन के लिए पहली पसंद मानते हैं।