महिला सशक्तिकरण कार्यशाला में मिला ज्ञान का खजाना:स्वास्थ्य, बैंकिंग सहित योग और आत्मरक्षा की जानकारी; संस्कार केंद्र की शुरुआत

झालावाड़ में महिला मंच उत्थान समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का रविवार को समापन हुआ। कार्यशाला में राष्ट्र सेविका समिति का परिचय दिया गया। बसेरा मोहल्ला स्थित बालाजी मंदिर पर बालिकाओं के नैतिक, शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास के लिए संस्कार केंद्र की शुरुआत की गई। कार्यशाला के पहले दिन डॉ. अनुपमा गुप्ता ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी दी। स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। दूसरे दिन बैंक प्रबंधक देवांश शर्मा ने बैंकिंग संबंधी जानकारी दी। तीसरे दिन गायत्री परिवार की निर्मला मालव और सोना पाटीदार ने यज्ञ संस्कार की जानकारी दी और भजन प्रस्तुत किए। चौथे दिन डॉ. बीके जैन ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और स्वर की भावना पर चर्चा की। योग शिक्षिका निर्मला सोमानी ने योग द्वारा बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। वंदना पाटीदार ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। अंतिम दिन महिला उत्थान समिति और राष्ट्र विकास समिति के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्या अग्रवाल, निर्मला मालव, कुसुम तानिवाल और वंदना पाटीदार सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।