भरतपुर में मॉर्निंग-वॉक पर निकली महिला की करंट से मौत:बिजली पोल से निकला हुआ था तार; यहीं 10 दिन पहले सांड चपेट में आया था

भरतपुर के MSJ कॉलेज के पास एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला सुबह 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इस दौरान एक बिजली पोल से निकले तार से उसे करंट लग गया। वह वहीं गश खाकर गिर पड़ी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया। जानकारी के अनुसार महिला स्वराज शर्मा (71) भरतपुर में मडरपुर रोड की रहने वाली थी। करंट की चपेट में आने के बाद स्वराज रोड पर गिर पड़ीं। कुछ देर में वहां से कॉलोनी के अन्य लोग गुजरे। उन्होंने स्वराज शर्मा को पहचान लिया। परिवार को घटना की जानकारी दी। महिला के बेटे विष्णुदत्त शर्मा ने बताया- मेरी मां सुबह घूमने निकली थीं। MSJ कॉलेज के सामने सड़क का काम चल रहा है। वहां बिजली के पोल से तार निकले हुए हैं। इसी की चपेट में आकर मां की मौत हो गई। दस दिन पहले यहीं पर एक सांड की भी करंट से मौत हो गई थी। इसके बाद भी प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।