टीएडी के गर्ल्स हॉस्टल पहुंचे कांग्रेस विधायक:आटे में कीड़े, एक्सपायरी पोहा मिला, छात्राएं बोली; शिकायत करने पर वार्डन धमकाती है

डूंगरपुर में टीएडी गर्ल्स हॉस्टल में खराब खाने की शिकायत पर कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा शनिवार को हॉस्टल पहुंच गए। आटे में कीड़े और एक्सपायरी डेट पोहा मिला है। छात्राओं ने शिकायत करने पर हॉस्टल से निकालने की धमकियां देने के आरोप वार्डन पर लगाए। छात्राओं ने कहा कि उन्हें कभी भी मीनू के अनुसार खाना नहीं मिलता है। रोटियां और खाना भी खुद बनाना पड़ता है। विधायक ने टीएडी मंत्री, अधिकारियों के साथ ही वार्डन पर मिलकर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए। उन्होंने टीएडी मंत्री ओर अधिकारियों से फोन पर बात की ओर जांच करने की मांग रखी। एसबीपी कॉलेज के पीछे की तरफ टीएडी का गर्ल्स हॉस्टल है। छात्राओं ने शुक्रवार को कलेक्टर से हॉस्टल में गड़बड़ियों की शिकायत की थी। इसके बाद आज शनिवार को कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा हॉस्टल पहुंच गए। हॉस्टल गेट पर ही वार्डन मौजूद थी। विधायक ने सबसे पहले छात्राओं को आवाज लगाई। छात्राएं बाहर आती उससे पहले विधायक किचन में पहुंच गए। किचन में गंदगी थी। आटे के कट्टे में कीड़े रेंग रहे थे। विधायक ने खाने के सामान के ये हाल देखकर नाराजगी जताई। वार्डन ने कहा कि खाने के सामान की सप्लाई ठेकेदार की ओर से आती है। वही स्टोर में रखे खाने के सामान को भी देख। एक कट्टे में पोहा की पैकिंग पड़ी हुई थी। जो 11 दिन पहले 2 जून 2025 को ही एक्सपायर हो गया था। विधायक ने छात्राओं को एक्सपायरी खाने पीने की चीजें खिलाने पर भी नाराजगी जताई। छात्राओं के गंभीर आरोप, रोटियां खुद बना रही छात्राओं ने विधायक को बताया कि हॉस्टल में गार्ड नहीं है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। खाना बनाने के लिए 4 महिलाएं है। लेकिन केवल 2 आती है। रोजाना खुद ही रोटियां और खाना बनाना पड़ रहा है। कीड़े पड़ा हुआ आटा और पानी वाली दाल दी जाती है। वार्डन कई बार उनके घर के काम भी करवाती है। हॉस्टल में 100 छात्राएं है लेकिन गर्मियों में रोज 50 छात्राएं हो रहती है। लेकिन अटेंडेंस सभी की लगाई जा रही है। शिकायत करने पर हॉस्टल से निकालने की धमकियां मिलती है।