प्री-मानसून की एंट्री:बारिश से गर्मी की विदाई, अब तापमान गिरेगा; शहर में रात 10 बजे बरसे मेघ, आज आंधी-बारिश का अलर्ट

दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर में उमस से लोग बेहाल नजर आए। रात नौ बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ बौछारे शुरू हुई। दस बजे शहर में बारिश का दौर शुरू हुआ। प्री-मानसून की पहली बारिश ने गर्मी से राहत दी। बारिश थमने के बाद ठंडी हवाएं चलने लगी। रविवार को अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून की एंट्री हो चुकी है। दो-तीन दिन तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बादल छाए रहेंगे। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। चार दिन पहले पारा 47 डिग्री पहुंच गया था। दो दिन से बादल छाए रहने से तापमान 40 डिग्री पहुंच गया। यानि सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी तीन दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट है। बाड़मेर समेत कई जिलों में बारिश होगी। 25 जून से मानसून दस्तक देगा। इसके बाद लगातार एक सप्ताह तक अच्छी बारिश होगी। प्री-मानसून की एंट्री के साथ हल्की बारिश से गर्मी विदा हो गई। अब तापमान कम होने से लोगों को राहत मिलेगी। प्री-मानसून के पांच दिन बाद मानसून सक्रिय हो जाएगा। जुलाई के पहले सप्ताह तक जिलेभर में अच्छी बारिश की संभावना है। इधर, किसानों ने खरीफ की बुवाई की तैयारी कर ली है। सबसे पहले बाजरा की बुवाई की जाएगी। इसके बाद ग्वार, मूंग, मोठ व तिल की बुवाई की जाएगी। बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। अब तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिलेगी।