घर के अंदर से बच्चे को घसीट ले गया कुत्ता:बचाने आई 3 साल की बहन की आंख को नोंच लिया, दोनों के 10 टांके

अलवर में कमरे में सो रहे 9 महीने के बच्चे को कुत्ता उठा ले गया। पास में सो रही 3 साल की बहन ने देखा तो छुड़ाने के लिए पहुंची। इस दौरान कुत्ते ने बहन की आंख नोंच दी। कुत्ते ने दोनों को नोंच डाला। बहन को कुल 6 टांके आए हैं। वहीं, 9 महीने के बच्चे को 4 टांके लगे हैं। घटना कोटकासिम के जोड़िया गांव की है। दरअसल, जोड़िया गांव के निर्माणाधीन मकान में उत्तरप्रदेश के ललितपुर के रहने वाले सुनील कुमार अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करते हैं। इसी मकान में रहते हैं। सुनील कुमार ने बताया- रविवार शाम 4.30 बजे उनका बेटा मेहान (9 महीने) कमरे में सो रहा था। बगल में बेटी चंचल (3 साल) भी थी। तभी कुत्ता कमरे में आकर 9 महीने के बेटे को घसीटते हुआ बाहर ले जाने लगा। बच्चे को छोड़कर बहन पर किया हमला बेटी चंचल ने देखा तो वह चिल्लाते हुए कुत्ते की तरफ दौड़ी। कुत्ते ने 9 महीने के बेटे को छोड़ बेटी पर हमला किया। चेहरे व आंख को नोंच लिया। आसपास काम कर रहे लोगों ने दोनों बच्चों को कुत्ते से छुड़ाया। बालिका की आंख में अधिक चोट है। उसकी रोशनी आएगी या नहीं। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। दोनों के 10 टांके आए इस दौरान कुत्ते ने दोनों बहन-भाई को नोंच लिया। दोनों के मुंह व सिर पर करीब 10 टांके आए हैं। लहुलूहान हालत में कोटकासिम अस्पताल लाए। उसके बाद रात को जिला अस्पताल लेकर आया गया।