यूके में राजस्थानी संस्कृति का महोत्सव:22 जून को वेम्बली में लंदन जीवन 2025, फैशन शो से लेकर दाल बाटी तक की रहेगी रौनक

यूके में राजस्थानी संस्कृति का सबसे बड़ा उत्सव लंदन जीवन 2025 का आयोजन 22 जून को वेम्बली स्थित सट्टावीस पटेलदार सेंटर में होगा। राजस्थान एसोसिएशन यूके (RAUK) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अपने 9वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस वर्ष का मुख्य आकर्षण राजस्थानी थीम पर आधारित फैशन शो 'म्हारी जोड़ी-म्हारी शान' होगा। इसमें प्रतिभागी अपने परिवार के साथ रैंप वॉक करेंगे। कार्यक्रम में राजस्थानी लोक संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। पारंपरिक सजावट और भव्य फोटोबूथ का इंतजाम किया गया है। दाल बाटी चूरमा सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन भी परोसे जाएंगे। वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और प्रिया अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ब्रेंट के मेयर रयान हेक, हैरो की मेयर अंजना पटेल और गेरार्ड्स क्रॉस की मेयर प्रेरणा भारद्वाज भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। पिछले साल 2023 में 'मारवाड़' थीम पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। इस बार 1,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में 100 से अधिक स्वयंसेवक पिछले दो महीनों से जुटे हैं। यह आयोजन यूके में भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक मंच बन चुका है।