वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिका के 9/11 हमले के मास्टरमाइंड खालिद शेख मोहम्मद की याचिका रद्द, फांसी को उम्रकैद में बदलने की अपील की गई थी
अमेरिका की एक अपील अदालत ने शुक्रवार को 9/11 के मास्टरमाइंड खालिद शेख मोहम्मद के याचिका समझौते को रद्द कर दिया। इस समझौते में खालिद को फांसी से बचाने के लिए उम्रकैद की सजा दी जाने की अपील की गई थी। कोर्ट ने 2-1 के फैसले में इसे खारिज कर दिया। पिछले साल जुलाई 2024 में खालिद शेख मोहम्मद और उनके दो साथियों के साथ एक सौदा हुआ था। इसके तहत वे अपने गुनाह कबूल कर लेते और मौत की सजा से बच जाते। इससे यह केस, जो कई सालों से चल रहा था, खत्म हो सकता था। लेकिन इस सौदे से 9/11 हमले के पीड़ितों के परिवार नाराज हो गए। उनकी मांग थी कि आरोपियों पर खुला ट्रायल हो। सौदा होने के दो दिन बाद ही तत्कालीन अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने इसे रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मामले में सौदा करना ठीक नहीं है। पीड़ितों के परिवार, अमेरिकी सैनिक और जनता को यह हक है कि वे इस मामले में सैन्य अदालत में ट्रायल देखें। खालिद शेख मोहम्मद पर 2001 के 9/11 हमलों की साजिश रचने और निर्देश देने का आरोप है, जिसमें आतंकवादियों ने विमानों को अगवा कर लिया था। आतंकवादियों ने विमानों को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन से टकरा दिया था, जिससे करीब 3,000 लोग मारे गए थे। कोर्ट के इस फैसले के बाद खालिद शेख मोहम्मद और उनके साथियों पर सैन्य अदालत में ट्रायल चलेगा। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें.... अमेरिका ने क्यूबा के राष्ट्रपति और वरिष्ठ अधिकारियों के वीजा पर रोक लगाई, होटल और सरकारी संपत्तियां बैन अमेरिका ने क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल और कई वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने यह घोषणा की। रूबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि अमेरिका ने क्यूबा के राष्ट्रपति, रक्षा मंत्री अल्वारो लोपेज मिएरा, गृह मंत्री लाजारो अल्बर्टो अल्वारेज कासास और उनके सहयोगियों के वीजा पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, लग्जरी टोरे के होटल और सरकारी संपत्तियों को अमेरिका ने प्रतिबंधित कर दिया है, ताकि अमेरिकी पैसा क्यूबा सरकार की नीतियों को बढ़ाने में मदद न करे। रूबियो ने कहा, “जब क्यूबा के लोग भोजन, पानी, दवा और बिजली की कमी से जूझ रहे थे, तब सरकार अपने करीबियों पर पैसा खर्च कर रही है।” अमेरिका ने यह कदम 2021 के प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और 700 से अधिक राजनीतिक कैदियों के समर्थन में उठाया है। रूबियो ने क्यूबा में लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता जोस डैनियल फेरेर की यातना का भी जिक्र किया, जिन्हें अप्रैल में हिरासत में लिया गया था। रूबियो ने सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई की भी मांग की। क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने इन प्रतिबंधों को अमेरिका की आर्थिक युद्ध नीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका क्यूबा के लोगों और नेताओं की इच्छाशक्ति को नहीं तोड़ सकता। इससे पहले, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने क्यूबा को आतंकवाद देशों की सूची से हटा दिया था, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दोबारा सत्ता में आने के बाद क्यूबा को इस सूची में शामिल कर लिया था। रूस के विदेश मंत्री नॅार्थ कोरिया पहुंचे, किम जोंग उन से मुलाकात की, सैन्य संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शनिवार को नॅार्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन से मुलाकात की। रूस के विदेश मंत्रालय ने टेलीग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दोनों नेता हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आए। लावरोव रविवार तक नॅार्थ कोरिया में रहेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य और राजनीतिक संबंधों को बेहतर बनाने का हिस्सा है। उत्तर कोरिया ने रूसी सेना को मिसाइलें देने की बात कही हैं। वहीं, नॅार्थ कोरिया ने अप्रैल में रूस का समर्थन करने के लिए रूस के कब्जे वाले कुर्स्क क्षेत्र में हजारों सैनिक भेजने की पुष्टि की थी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 19 जून 2024 को नॅार्थ कोरिया की यात्रा की थी। यह उनकी नॅार्थ कोरिया की पहली आधिकारिक यात्रा थी। दोनों देशों ने एक सैन्य समझौते पर भी हस्ताक्षर किए थे। रूस ने यूक्रेन पर 597 ड्रोन और 26 मिसाइलें दागी, दो की मौत, कई घायल शनिवार को रूस ने यूक्रेन पर 597 ड्रोन और 26 मिसाइलें से हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल है। यह इस महीने का चौथा बड़ा हमला था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन के खार्किव, सूमी, लविव, लुत्स्क और चेर्निवत्सी में नागरिक इमारतों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, यूक्रेन की सेना ने 25 मिसाइलों और 577 ड्रोन को मार गिराया। अली जरदारी राष्ट्रपति बने रहेंगे, PM शहबाज शरीफ बोले- फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कभी राष्ट्रपति पद की मांग नहीं की प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से इस्तीफा मांगने और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को राष्ट्रपति बनाने के दावो को खारिज किया है। प्रधानमंत्री ने इन दावों को बस अफवाह करार देते हुए कहा कि मीडिया में फैली इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। शुक्रवार को 'द न्यूज' से बातचीत में शहबाज शरीफ ने कहा, "फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कभी राष्ट्रपति बनने की इच्छा नहीं जताई, न ही ऐसा कोई प्लान है।" दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान में आसिम मुनीर को राष्ट्रपति बनाने की बातें की जा रहीं थी। 6 साल बाद भारत-नेपाल बॉर्डर पर फिर शुरू होगी बातचीत; विवादित इलाकों पर चर्चा नहीं भारत और नेपाल के बीच छह साल बाद इस महीने बाउंडरी वर्किंग ग्रुप (BWG) की बैठक होने जा रही है। यह द्विपक्षीय समूह भारत-नेपाल सीमा पर पिलर्स की मरम्मत, निर्माण और सर्वे जैसे तकनीकी कामों को देखता है। हालांकि, सुस्ता और कालापानी जैसे विवादित इलाकों को बातचीत से बाहर रखा गया है। BWG की आखिरी बैठक अगस्त 2019 में देहरादून में हुई थी। तब तय हुआ था कि 2022 तक बॉर्डर से जुड़े सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। लेकिन कोरोना महामारी और उसके बाद नक्शे को लेकर बढ़े विवाद के कारण बातचीत ठप हो गई। अब भारत ने जुलाई के दूसरे और अंतिम हफ्ते के लिए दो संभावित तारीखें प्रस्तावित की हैं। BWG की स्थापना 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाल यात्रा के दौरान हुई थी। यह ग्रुप बॉर्डर पिलर्स की मरम्मत (D2), GPS आधारित सर्वेक्षण (D4), दोनों देशों की ज़मीन पर कब्जों की सूची (D3) और संयुक्त निरीक्षण (D1) जैसे तकनीकी पहलुओं पर काम करता है। WHO ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजिद को निकाला, धोखाधड़ी-भ्रष्टाचार के आरोप लगे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दक्षिण पूर्व एशियाई निदेशक और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजिद को निकाल दिया है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का दावा है कि साइमा ने अपनी मां के शासनकाल में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार में शामिल थी। बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) ने इस साल की शुरुआत में साइमा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी मां के प्रभाव का इस्तेमाल करके WHO की क्षेत्रीय प्रमुख का पद हासिल किया। ACC के उप निदेशक अख्तरुल इस्लाम के अनुसार, साइमा ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान अपनी शैक्षणिक योग्यताओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। हेल्थ पॉलिसी वॉच की एक रिपोर्ट के अनुसार, WHO के प्रमुख डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कर्मचारियों को ईमेल के जरिए बताया कि साइमा को 11 जून से छुट्टी पर भेजा गया है। साइमा नवंबर, 2023 से WHO के लिए दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्रीय निदेशक के रूप में काम कर रही थी। उनकी जगह डॉ. कैथरीना बोएहमे, WHO की सहायक महानिदेशक, दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय (SEARO) का जिम्मा संभालेंगी। ट्रम्प प्रशासन ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय से 1350 से ज्यादा कर्मचारियों को निकाला अमेरिकी विदेश मंत्रालय में बड़ा फेरबदल करते हुए ट्रम्प प्रशासन ने शुक्रवार को 1,350 से ज्यादा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। इनमें 1,107 सिविल सर्विस और 246 फॉरेन सर्विस ऑफिसर शामिल हैं। ट्रम्प प्रशासन इस कदम को अमेरिका फर्स्ट एजेंडे के तहत विदेश नीति को फिर से दिशा देने की शुरुआत बता रहा है। डेमोक्रेट सांसदों और पूर्व राजनयिकों ने इस कदम की आलोचना की है। स्टेट डिपार्टमेंट ऑफिस में शुक्रवार को विदाई ले रहे कर्मचारियों के लिए उनके साथियों ने तालियों से ‘क्लैप-आउट’ किया। कई लोग भावुक होकर रोते देखे गए। बर्खास्त कर्मचारियों को एक सेपरेशन चेकलिस्ट दी गई। इसमें बताया गया कि शुक्रवार शाम 5 बजे के बाद उन्हें ऑफिस और ईमेल एक्सेस से बाहर कर दिया जाएगा। यह बदलाव ट्रम्प और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के विजन का हिस्सा है जिसके तहत ब्यूरोक्रेसी को छोटा करना और गैर-जरूरी कार्यक्रमों को हटाने लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत अफगान रिफ्यूजी प्रोग्राम चलाने वाले डेस्क को भी बंद किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0