राजस्थान में जालोर की तीसरी सबसे गर्म रात, 31.3 डिग्री

राजस्थान में जालोर की तीसरी सबसे गर्म रात, 31.3 डिग्री
भास्कर न्यूज | जालोर शहर समेत जिलेभर में रविवार को इस सीजन की सर्वाधिक गर्मी महसूस की गई। सुबह से दोपहर तक आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। ऐसे में दोपहर में सड़कें सूनी रही। दोपहर 1 से 3 बजे तक सड़कों पर इक्का-दुक्का वाहन ही दिखाई दिए। वहीं दिनभर हवा भी नहीं चली, ऐसे में उमस से भी लोगों को खासी परेशानी रही। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया है, जो इस सीजन का जालोर में सर्वाधिक तापमान है। वहीं रात का तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया है, जो राजस्थान सर्वाधिक गर्म रात में तीसरे नंबर है। सर्वाधिक गर्म रात बारां में 31.8 डिग्री और उसके बाद जैसलमेर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। बता दें कि अभी 29 अप्रैल को सर्वाधिक 43.4 डिग्री दर्ज किया था। वहीं आगामी 2 दिन तक तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है। उसके बाद 29 मई तक तापमान पुन: सामान्य स्थिति में पहुंच जाएगा। दिन और रात में पड़ रही गर्मी के लोग शहर के खासे परेशान दिखे। वहीं स्वर्णगिरी पहाड़ी के 2 किमी के दायरे में भीषण गर्मी का दौर रहा। यहां रात में भी दिन जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। दिनभर पहाड़ तेज गर्मी के कारण गर्म हो जाता है और रात में भट्‌टी की तरह तपता रहता है। ऐसे में कूलर से भी राहत नहीं मिल पा रही है। वहीं कई जगह एसी भी खास कारगर साबित नहीं हो रही है। 27 के बाद जालोर के कुछ भागों में हल्की बारिश की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई तक इसी तरह गर्मी का असर और हीट वेव बनी रहेगी। वहीं 27 मई शाम के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान बादल छाने, गर्जन और वज्रपात के साथ झौंकेदार हवाएं चलेगी। हवा की औसत गति भी 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 27 मई को बीकानेर और जोधपुर के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है, जिसमें जालोर के कुछ भागों में हल्की बारिश हो सकती है। 28 और 29 मई को तापमान सामान्य बना रह सकता है।