जयपुर में पैराग्लाइडर ने आसमान में लहराया तिरंगा:ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली तिरंगा यात्रा; राज्यवर्धन राठौड़ बोले- ये नया भारत है

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में सबसे आगे एनसीसी कैडेट्स तिरंगा लेकर चले। दो पैराग्लाइडर आसमान में तिरंगा लेकर यात्रा के साथ चले। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पूर्व सैनिक भी शामिल हुए। यात्रा में नगर निगम ग्रेटर की 6 फॉग वाटर मशीनें लगाई गई, जिसने लोगों पर पानी की फुहारें छोड़ी, ताकि उनको गर्मी से राहत मिल सके। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- ये नया भारत है। अभी हमारे देश के दुश्मनों ने केवल भारतीय सेना का सामना किया। हम सब को अगर हथियार मिलेंगे तो पाकिस्तान समझ सकता है कि उसका क्या हाल होगा। मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की अगुआई में वैशाली नगर के क्वींस रोड स्थित विजय द्वार से तिरंगा यात्रा शुरू हुई, जो चित्रकूट स्टेडियम तक गई। स्टेडियम में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। राज्यवर्धन बोले- पीएम मोदी को धन्यवाद, उन्होंने हमारी सेना का हाथ खोल दिए
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- आज हम पीएम मोदी का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने हमारी सेना को हथियारों से लैस कर दिया। हमारे सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन दी। उन्होंने हमारी सेना के हाथ खोल दिए कि जहां हमला करना है करो। उन्होंने कहा- आज पीएम मोदी ने हमारे देश को आर्थिक दृष्टि से विश्व में चौथे नंबर पर लाकर खड़े कर दिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में मातृ शक्ति हर जगह नेतृत्व कर रही है। आज हम हमारी सेना के समर्थन में खड़े हैं। देखिए तिरंगा यात्रा की तस्वीरें...