अजमेर में ठंडी हवाओं के साथ बारिश हुई:सुबह से काले बादल छाए रहे, आज से 3 दिन आंधी-बारिश का दौर

अजमेर में नौतपा खत्म होते ही पहले दिन मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने के साथ ही तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। सुबहे से ही काले बादल छाए हुए हैं। आमजन को गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज से 3 दिन आंधी-बारिश की संभावना जताई है। सोमवार रात भी नौतपा के आखिरी दिन भी बारिश हुई। नौतपा की समाप्ति पर अधिकतम तापमान गिरकर 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। चार दिन से लगातार पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है। नौतपा के 9 दिनों में इस बार सिर्फ तीन दिन ही दोपहर का पारा 40 से 41 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, बाकी दिन हल्की गर्मी और उमस का अहसास हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि एक नया सिस्टम सक्रिय होने से 3 से 5 जून के दौरान दोपहर बाद आंधी और बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की प्रबल संभावनाएं हैं। मई माह में प्री मानसून की अब तक कुल 43 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। 4 जून को भी तेज हवाओं के साथ दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट का अनुमान है। आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। 5 जून को भी सिस्टम एक्टिव होने के कारण दोपहर बाद आंधी बारिश के असर है। तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।