वर्ल्ड अपडेट्स:दक्षिण कोरिया ने राजनीतिक संकट के बाद मार्शल लॉ नियमों में संशोधन किया

दक्षिण कोरियाई सांसदों ने मार्शल लॉ से जुड़े नियमों में संशोधन करने के लिए गुरुवार को मतदान किया। बदलाव के तहत अब सांसदों को नेशनल असेंबली में एंट्री से रोकने के किसी भी कोशिश पर रोक लगा दी गई है। यह पिछले दिसंबर में पूर्व राष्ट्रपति यूं सुक येओल के अल्पकालिक मार्शल लॉ आदेश के बाद आया है, जिसने देश को राजनीतिक संकट में डाल दिया था। यूं ने 3 दिसंबर 2024 को मार्शल लॉ घोषित कर दिया था, क्योंकि संसदीय गतिरोध और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण उनकी राजनीतिक परेशानियां बढ़ गई थीं। उस रात जब सैन्य बल नेशनल असेंबली के सामने जमा हुए, तो सांसदों को यूं के आदेश को खारिज करने के लिए दीवारों पर चढ़ना पड़ा। गुरुवार को किए गए संशोधन में सेना और पुलिस को स्पीकर की मंजूरी के बिना नेशनल असेंबली में प्रवेश करने पर भी बैन लगा दिया गया है। महीनों तक चली राजनीतिक अनिश्चितता के कारण यूं की सत्तारूढ़ पीपुल्स पावर पार्टी (PPP) में अव्यवस्था फैल गई। साउथ कोरिया में 2027 में चुनाव होने थे, लेकिन PPP पार्टी के यून सुक योल को मार्शल लॉ लगाने की वजह से राष्ट्रपति पद से हटा दिया गया था। 3 जून को अचानक हुए चुनाव में विपक्ष के ली जे म्युंग ने राष्ट्रपति पद पर जीत हासिल की थी। पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल ने मार्शल लॉ लगाने के पीछे राज्य-विरोधी ताकतों और उत्तर कोरिया से खतरे का हवाला दिया था। हालांकि, जल्द ही यह साफ हो गया था कि उन्होंने मार्शल लॉ सिर्फ अपनी राजनीतिक परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए लगाया था। एक हफ्ते बाद, संसद ने उन पर महाभियोग लगाया। 4 अप्रैल को, संवैधानिक अदालत ने उनका महाभियोग बरकरार रखा और उन्हें स्थायी तौर पर पद से हटा दिया। इसके बाद कानून के मुताबिक 60 दिन में चुनाव कराना अनिवार्य हो गया था। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें... अफ्रीकी देश माली में तीन भारतीय किडनैप, भारतीय विदेश मंत्रालय ने तत्काल कार्रवाई की मांग की पश्चिम अफ्रीकी देश माली में मंगलवार (1 जुलाई 2025) को तीन भारतीयों को अगवा कर लिया गया था। ये लोग एक डायमंड सीमेंट फैक्ट्री में काम करते थे। कुछ हमलावरों ने फैक्ट्री पर हमला कर तीन भारतीयों को जबरन बंधक बना लिया था। भारत सरकार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने माली सरकार से भारतीयों की सुरक्षित और जल्द रिहाई के लिए हरसंभव कदम उठाने को कहा। भारतीय दूतावास बमाको में स्थानीय अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन के संपर्क में है। दूतावास पीड़ित भारतीयों के परिवारों से भी बात कर रहा है। अब तक माली में एक्टिव किसी भी आपराधिक समूह ने किडनैपिंग की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, अल-कायदा से जुड़े जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमिन (जेएनआईएम) ने माली में उसी दिन हुए दूसरे हमलों की जिम्मेदारी ली है। भारत सरकार ने माली में रह रहे भारतीयों से सावधानी बरतने और दूतावास के संपर्क में रहने को कहा। शुभांशु के बाद अब अनिल मेनन भी जाएंगे अंतरिक्ष स्टेशन, 8 महीने बिताएंगे अमेरिका की स्पेस एजेंसी नासा जून 2026 में अपना पहला स्पेस स्टेशन मिशन लॉन्च करने जा रही है जिसके लिए भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन का चयन हुआ है। मेनन जून 2026 में रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कॉसमॉस के सोयूज एमएस-29 यान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरेंगे। इस मिशन में वे फ्लाइट इंजीनियर और एक्सपीडिशन 75 के क्रू सदस्य के रूप में शामिल होंगे। इस अभियान में रोस्कॉसमॉस के दो अंतरिक्ष यात्री भी शामिल रहेंगे। टीम आठ महीनों तक आईएसएस में अनुसंधान करेगी। अनिल की पत्नी अन्ना मेनन भी अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी हैं। वे 2024 में एक निजी स्पेसवॉक मिशन में शामिल हुई थीं। वे स्पेसएक्स में प्रमुख अंतरिक्ष संचालन इंजीनियर हैं। बच्चों के लिए 'किसेस फ्रॉम स्पेस' किताब लिख चुकी हैं। मेनन को 2021 में नासा ने अंतरिक्ष यात्री चुना था। मिनियापोलिस में जन्मे और पले-बढ़े मेनन आपातकालीन चिकित्सा विशेषज्ञ, मैकेनिकल इंजीनियर और स्पेस फोर्स के कर्नल हैं। उनके पिता भारतीय और मां यूक्रेनी मूल की हैं। UAE भारतीयों को ₹23 लाख में गोल्डन वीजा देगा, 3 महीने में 5 हजार लोगों के आवेदन करने की उम्मीद भारतीयों के लिए UAE (संयुक्त अरब अमीरात) नई गोल्डन वीजा स्कीम शुरू करेगा। इससे भारतीयों को 23 लाख 30 हजार रुपए की फीस जमा करने पर यूएई का लाइफ टाइम गोल्डन वीजा मिल सकता है। अब तक गोल्डन वीजा के लिए 4 करोड़ 66 लाख रुपए की प्रॉपर्टी खरीदनी पड़ती थी या फिर एक बड़ी राशि का निवेश करना पड़ता था। अब यूएई सरकार ने नए वीजा में जहां राशि को घटाया गया है वहीं ये नया गोल्डन वीसा धारक के लिए आजीवन होगा। इधर, गोल्डन वीजा की इस कैटेगरी के पहले चरण के शुरुआती 3 महीने में 5 हजार भारतीयों के आवेदन की उम्मीद है। वीजा प्रोसेस के लिए अधिकृत कंपनी के निदेशक रायाद कमाल ने दैनिक भास्कर को बताया, 4 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन हो सकते हैं। आवेदक का बैकग्राउंड, आपराधिक रिकॉर्ड चेक करके यूएई सरकार को भेजा जाएगा। सरकार आवेदक के प्रोफाइल को चेक कर नॉमिनेशन के आधार पर वीजा जारी करेगी। आवेदक का यूएई की इकोनॉमी और मानव संसाधन में संभावित योगदान को वरीयता दी जाएगी। कुत्ते के आकार के नए डायनासोर की खोज,15 करोड़ साल पहले बड़े डायनासोरों के साथ घूमते थे न्यूयॉर्क वैज्ञानिकों ने एक नई प्रजाति के डायनासोर की खोज की है, जो आकार में कुत्ते जितने होते थे। ये डायनासौर 15 करोड़ साल पहले आज के अमेरिका में बड़े डायनासोरों के साथ घूमते थे। इस डायनासोर को वैज्ञानिकों ने 'एनिग्माकर्सर मोलीबोर्थविके' नाम दिया है। यह जानकारी बुधवार को 'रॉयल सोसाइटी ओपन सांइस जर्नल में प्रकाशित हुई। ये शाकाहारी डायनासौर थे जो तेज दौड़ते थे। --------------- 2 जुलाई के अपडेट्स यहां पढ़ें...