वर्ल्ड अपडेट्स:ओपन हार्ट सर्जरी के बाद डॉक्टर ने छाती के टैटू को पहले की तरह जोड़ा, महिला ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कीं
सोशल मीडिया पर एक महिला की पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें महिला ने अपने ओपन हार्ट सर्जरी की कहानी बताई है। महिला ने बताया कि उसकी छाती पर एक टैटू था, जिसे डॉक्टर ने सर्जरी के बाद बिल्कुल पहले की तरह जोड़ दिया। अन्ना नाम की महिला ने 6 जुलाई को सर्जरी के पहले और सर्जरी के बाद की दो तस्वीरें X पर शेयर कीं। उसने बताया कि एंटीबायोटिक-प्रतिरोधी एंडोकार्डिटिस नाम के एक दुर्लभ और गंभीर हार्ट इन्फेक्शन से महीनों तक पीड़ित रहने के बाद, सितंबर 2024 में उसकी ओपन-हार्ट सर्जरी हुई थी। हालांकि, बड़ी सर्जरी के दौरान, उन्होंने डॉक्टर से अपने टैटू को पहले की तरह रखने की अपील की। महिला के मुताबिक, डॉक्टर ने उनकी अपील मान ली और सर्जरी के बाद टैटू को पहले की तरह बनाने के लिए ज्यादा समय लेकर उसे ठीक कर दिया। महिला ने X हैंडल पर अपनी उम्र 26 साल बताई है। उसने अपने बारे में लिखा है- स्वतंत्र फिलिस्तीन की मांग उठाने वाली एक यहूदी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें.... यूरोपीय देशों में हीटवेव से 2300 लोगों की मौत, स्पेन में 21 हजार हेक्टेयर जंगल खाक भीषण गर्मी के दौरान 12 यूरोपीय शहरों में हीटवेव से लगभग 2,300 लोगों की मौत हो गई। इंपीरियल कॉलेज लंदन की एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 10 दिनों में लंदन, मैड्रिड, बार्सिलोना और मिलान जैसे शहरों का तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा। यूरोप के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ी है। स्पेन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस (104°F) को पार कर गया और फ्रांस में जंगलों में आग लग गई। यूरोपीय संघ की कोपरनिकस जलवायु परिवर्तन सेवा ने कहा कि पिछला महीना पृथ्वी का तीसरा सबसे गर्म महीना रहा। जो 2024 और 2023 के बाद सबसे गर्म जून महीना था। पुर्तगाल में भीषण गर्मी से 284 मौतें दर्ज की गई हैं। स्पेन में, 18 हजार से अधिक लोगों को मंगलवार को घर के अंदर रहने का आदेश दिया गया था क्योंकि जंगल की आग नियंत्रण से बाहर हो गई थी। स्पेन में इस साल अब तक लगभग 21 हजार हेक्टेयर जंगल जल चुका है। रूस ने यूक्रेन पर 400 ड्रोन और 18 मिसाइलें दागी, दो मौत, कई घायल; जेलेंस्की ने रूस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की रूस की तरफ से बढ़ते हमलों को देखते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सहायक देशों से रूस पर नए प्रतिबंध तेजी से लगाने की मांग की है। इससे पहले यूरोपीय संघ (EU) ने 20 मई को रूस पर कई प्रतिबंध लगाए थे। रूस ने गुरुवार सुबह यूक्रेन पर 400 ड्रोन और 18 मिसाइलों से हमला किया। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। पिछले एक हफ्ते में रुस ने यूक्रेन पर तीसरी बार हमला किया है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि मलबे से कई इमारतों, गैरेज और एक पेट्रोल स्टेशन में आग लग गई। यह हमला रूस के हाल के बड़े हमलों में से एक है, जिसने यूक्रेन की हवाई रक्षा पर दबाव बढ़ा दिया है। जेलेंस्की गुरुवार को रोम में अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, जहां रूस पर नए प्रतिबंधों पर चर्चा होगी। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने कहा कि इस बैठक में यूक्रेन के पुनर्निर्माण पर ध्यान दिया जाएगा। दूसरी ओर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज मलेशिया में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे। इससे पहले ट्रम्प ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नाराजगी जताई थी। रुस ने ट्रम्प की आलोचना पर शांत रहने की बात कही और कहा कि वह अमेरिका-रूस रिश्तों को सुधारने की कोशिश जारी रखेगा। पूरी खबर पढ़ें... इटली में चीन का नागरिक गिरफ्तार, अमेरिकी कोविड वैक्सीन की रिसर्च चुराने का आरोप अमेरिका की कोविड-19 वैक्सीन रिसर्च चोरी के मामले में चीन के एक व्यक्ति को इटली में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, 33 वर्षीय शू जेवई को 3 जुलाई को मिलान एयरपोर्ट पर छुट्टियां मनाने आए वक्त पकड़ा गया। अमेरिका ने उसके प्रत्यर्पण की मांग की है। शू पर आरोप है कि उसने चीन सरकार के कहने पर अमेरिकी यूनिवर्सिटीज, वैज्ञानिकों और रिसर्च सेंटरों को हैक किया। 2020 से 2021 के बीच वो "हैफनियम" नाम की हैकर ग्रुप से जुड़ा रहा, जिसने अमेरिका में 60 हजार से ज्यादा संस्थानों को निशाना बनाया। हालांकि आरोपी ने कहा है कि वह गलत पहचान का शिकार हुआ है क्योंकि उसका सरनेम चीन में आम है। चीन सरकार ने भी इन आरोपों को नकारते हुए कहा है कि वह किसी भी साइबर क्राइम का समर्थन नहीं करती। मलेशिया में पुलिस हेलिकॉप्टर नदी में गिरा; 5 अफसर अस्पताल में भर्ती मलेशिया के जोहोर राज्य में एक पुलिस हेलिकॉप्टर आपात लैंडिंग के दौरान सीधे नदी में जा गिरा। यह हादसा सुंगाई पुलाई इलाके में हुआ। उस वक्त हेलिकॉप्टर नियमित सैन्य अभ्यास (MITSATOM 2025) में शामिल था। हेलिकॉप्टर में सवार पांचों क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। Airbus AS355N मॉडल के इस हेलिकॉप्टर ने स्थानीय समयानुसार सुबह 9:51 बजे तंजुंग कुपांग पुलिस स्टेशन से उड़ान भरी थी। बाद में तकनीकी दिक्कत के चलते नदी में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायल अफसरों को जोहोर बारू के सुल्ताना अमीना अस्पताल में भर्ती कराया गया। मलेशिया के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा है कि हादसे की जांच एयर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो करेगी। हादसे का वीडियो यहां देखिए..... हेलिकॉप्टर गिरने की पूरी खबर यहां पढ़िए.... अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ से अब तक 120 की मौत; इनमें 36 बच्चे भी शामिल अमेरिका के टेक्सास राज्य में 4 जुलाई को आई भीषण बाढ़ में अब तक कुल 120 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें अकेले केर काउंटी में 95 लोगों की जान गई है, जिनमें 36 बच्चे भी शामिल हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जिले के लिए डिजास्टर डिक्लेरेशन पर साइन कर दिए हैं। इसके बाद फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) की टीम मौके पर पहुंच गई है। 4 जुलाई को टेक्सास की ग्वाडालूप नदी में अचानक आई बाढ़ की चपेट में कई इलाके आ गए। नदी के किनारे एक समर कैंप चल रहा था, जिसमें सैकड़ों लड़कियां मौजूद थीं। बाढ़ से 27 लड़कियों की मौत हो गई, हालांकि राहत दल ने 750 लड़कियों को सुरक्षित निकाल लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0