धौलपुर में 3 घंटे चला बारिश का दौर:लोगों को गर्मी और उमस से मिली राहत, नगर परिषद की पुरानी इमारत का छज्जा गिरा

धौलपुर में रविवार सुबह मौसम ने करवट बदली। सुबह 3:15 बजे से तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जो सुबह 6 बजे तक जारी रही। पिछले कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री के आस पास बना हुआ था। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान तेज हवाओं की वजह से गौरव पथ स्थित नगर परिषद की पुरानी इमारत का छज्जा गिर गया। कायस्थपाड़ा स्कूल में चल रही भागवत कथा के पंडाल में पानी भर गया। स्थानीय लोगों को पानी निकालने के लिए मोटर का इस्तेमाल करना पड़ा। केरल में मानसून की एंट्री के बाद से ही धौलपुर में शनिवार शाम से बादल छाए हुए थे। रविवार की सुबह हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।