डीग में 7 साल के बच्चे को ट्रैक्टर ने रौंदा:मां से हाथ छुड़ा खिलौने के लिए दौड़ा था; इलाज के दौरान मौत

डीग जिले के कुम्हेर थाना इलाके में कल देर शाम एक ट्रैक्टर ने 7 साल के बच्चे को कुचल दिया। घटना में बच्चे की मौत हो गई। आज सुबह शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। बच्चा अपनी मां के साथ जंगल की तरफ जा रहा था। इस दौरान वह अपनी मां का हाथ छुड़ाकर सड़क पर पड़े खिलौने को लेने के लिए दौड़ा। तभी सड़क से जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बच्चे को रौंद दिया। बरताई गांव निवासी सतेंद्र ने बताया- कल शाम पत्नी रेनू 7 साल के बेटे गगन के साथ जंगल में शौच के लिए जा रही थी। इस दौरान सड़क पर कोई टूटा हुआ खिलौना पड़ा हुआ था। जिसे गगन ने देखा तो, वह अचानक अपनी मां से हाथ छुड़ाकर खिलौने को उठाने के लिए दौड़ा। इस दौरान बरताई से उसरानी की तरफ एक स्पीड में ट्रैक्टर जा रहा था। तभी ट्रैक्टर ने बुरी तरह से गगन को रौंद दिया। गगन को रौंदने के बाद ट्रैक्टर बेकाबू हो गया और, पलट गया। ट्रैक्टर पलटने के बाद ड्राइवर वहां से फरार हो गया। रेनू ने तुरंत घटना की सूचना घर पर दी। जिसके बाद उसे आरबीएम अस्पताल लेकर जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। आज सुबह गगन के शव का कुम्हेर अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। कुम्हेर ASI महेंद्र ने बताया कि ट्रैक्टर के कुचलने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। जिसके शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बच्चे के पिता ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शिकायत दी है। जिसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इनपुट- राहुल फौजदार, कुम्हेर, डीग