टोंक में बदला मौसम, तेज हवा के साथ हुई बारिश:दूनी-देवली समेत 60 गांवों में बूंदाबांदी से गर्मी से मिली राहत

टोंक में बदला मौसम, तेज हवा के साथ हुई बारिश:दूनी-देवली समेत 60 गांवों में बूंदाबांदी से गर्मी से मिली राहत
अरब सागर में बने सिस्टम से आ रही नमी वाली हवा ने शुक्रवार को टोंक जिले में भी अचानक मौसम बदल गया। शुक्रवार सुबह देवली, दूनी तहसील मुख्यालय समेत करीब 60 गांवों में 15-20 मिनट तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी बह निकला। मौसम सुहाना हो गया। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं टोंक, निवाई, मालपुरा, टोडारायसिंह तहसील क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। इस बारिश से किसानों को काफी फायदा मिलेगा। अब खेतों की बुवाई से पहले की जाने वाली हंकाई अच्छी होगी। अब किसान खरीफ फसलों की बुवाई के लिए खेतों की हंकाई-जुताई में और ज्यादा जुट जाएंगे। कही 10 तो कही पर 20 मिनट तक हुई बारिश मौसम विभाग ने शुक्रवार को 18 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 9 जिलों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की यह संभावना सही साबित हो गई। सुबह करीब 7 बजे से 8 बजे तक टोंक के बीच देवली, चांदली, पनवाड़, दूनी, चांदली, राजकोट, ख्वासपुरा, कनवाड़ा समेत 5 दर्जन गांवों, कस्बों में बारिश हुई। बारिश के साथ हवा भी इतनी तेज थी कि जैसे बारिश को ही उड़ा कर ले जा रही थी। कही 10 मिनट तो कही 20 मिनट तक बारिश हुई। यकायक हुई बारिश से सड़कों पर पानी बह गया। लोगों की दिनचर्या काफी बाधित हो गई। परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई। तापमान में आई गिरावट, मिली राहत उधर इस बारिश से शुक्रवार को अधिकतम तापमान भी गिरावट रहने के आसार है। अधिकतम तापमान 24 घंटे में ही 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। :