सूर्यानंद नगर उपाश्रय में साध्वी ससंघ का मंगल प्रवेश, समाजजनों ने की अगवानी

सूर्यानंद नगर उपाश्रय में साध्वी ससंघ का मंगल प्रवेश, समाजजनों ने की अगवानी
बांसवाड़ा| शहर के सूर्यानंद नगर उपाश्रय में गुरुवार सुबह साध्वीवर्या श्री स्वर्ण ज्योतिश्री जी, विरल ज्योतिश्री जी, प्रियल ज्योतिश्री जी और नूतन दीक्षित प्रसिद्ध श्री जी एमएस का मंगल प्रवेश हुआ। इस दौरान निकाली शोभायात्रा में श्री संघ के सदस्य परिवार, बाहर से आए मेहमान, गोड़ी पार्श्वनाथ मंदिर, दादावाड़ी, समता भवन, महावीर भवन के ट्रस्टी, महिला मंडल, नवयुवक मंडल और संघ के अन्य सदस्य शामिल हुए। कॉलोनी परिसर में जगह-जगह स्वागत में चावल और नारियल की गेहूंली की गई। महिला मंडल की सदस्याएं और बालिकाएं कलश लेकर चलीं। छाते घुमाते हुए गीतों पर नृत्य किया गया। सभी संघों के प्रमुखों और बाहर से आए प्रतिनिधियों का शॉल, माला और श्रीफल देकर स्वागत किया गया। उपाश्रय में धर्मसभा हुई, इसमें गुरुदेव ने चातुर्मास के चार माह धर्म आराधना में जुड़ने का आह्वान किया। मांगलिक भी सुनाया गया। संघ सचिव ने बताया कि 9 जुलाई से गुरुदेव के प्रवचन सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। प्रत्येक रविवार को विशेष आराधना होगी। सकल संघ की नवकारसी और स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक जगत सिंह चेलावत, अध्यक्ष राजेंद्र कोठारी, सचिव हिम्मत सिंह नाहर, उपाध्यक्ष नरेश कावड़िया, सह सचिव तेजपाल सेठ, कोषाध्यक्ष पवन पटवा, संघ सदस्य भीम सिंह दोशी, सुरेश कावड़िया, प्रमोद जैन, मनीष जैन, प्रकाश कोठारी, संतोष कोठारी, सनत पटवा, अशोक शाह, संजय बोहरा, महिला मंडल और नवयुवक मंडल के सदस्य उत्साह से शामिल हुए।