सुबह की अच्छी दिनचर्या से होता है जीवन का कल्याण

भास्कर न्यूज| बांसवाड़ा आंजना के दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका विज्ञानमती माताजी के आशीर्वाद से नंदीश्वर विधान चल रहा है। प्रात कालीन प्रवचन में माताजी ने कहा कि सुबह से अच्छी दिनचर्या शुरू करने से मनुष्य का कल्याण जल्दी होता है। धर्म को जानना और मानना अलग बात है। हम भगवान महावीर को मानते हैं, लेकिन उनकी बात नहीं मानते। मनुष्य होकर यदि अच्छे कार्य नहीं किए तो हमें क्या कहा जाएगा, यह सोचने की बात है। माताजी ने कहा, जितना प्यार बेटी से करते हैं, उतना ही भगवान से करें तो कल्याण निश्चित है। मोह के कारण ऐसा नहीं कर पाते। ब्रह्मा मुहूर्त में जागना श्रेष्ठ होता है। सुबह उठकर हाथों का दर्शन करने से लक्ष्मी, सरस्वती और भगवान का एक साथ दर्शन होता है। देव, शास्त्र और गुरु के पास खाली हाथ नहीं जाना चाहिए। भगवान मौन रहते हैं, कुछ मांगते नहीं, लेकिन यदि कुछ लेकर जाएं तो वे स्वीकार कर लेते हैं। प्रवचन के बाद आर्यिका श्री की आहार चर्या गांव के श्रद्धालुओं के यहां सम्पन्न हुई। इस अवसर पर अशोक, प्रदीप, समाज अध्यक्ष सुनीत जैन, नरेश जैन, पंकज जैन, मनोज जैन, निर्मल जैन सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। अरथूना में आर्यिका विज्ञानमति माताजी ससंघ की आगवानी आज करेंगे अरथूना| धर्मनगरी अरथूना में शुक्रवार को सुबह 8 बजे गुरु मां आर्यिका विज्ञानमति माताजी ससंघ की मंगल आगवानी होगी। इस ऐतिहासिक क्षण का अरथूना और वागड़ अंचल को लंबे समय से इंतजार था। भव्य चल समारोह बखतपुरा बस स्टैंड से शुरू होगा। सबसे आगे दो अश्व धर्म ध्वजा लेकर चलेंगे। महिला समूह मंगल कलश के साथ शामिल होंगी। शोभायात्रा में डोंगरगढ़ में प्रतिष्ठित आचार्य विद्यासागर जी की 108 किलोग्राम की अष्टधातु निर्मित चरण पादुकाएं रहेंगी। इनके पीछे पूज्य आर्यिका संघ और समाजजन चलेंगे।