IAS अभिषेक ने संभाला निगम आयुक्त का चार्ज:रथयात्रा मार्ग पर जाकर देखा व्यवस्थाओं को, संभागीय आयुक्त और कलेक्टर से भी मिले

उदयपुर नगर निगम के नए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने निगम के अधिकारियों के साथ जगन्नाथ रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था, विद्युत सज्जा और अन्य तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद निगम मुख्यालय में सभी शाखा प्रभारियों की बैठक ली। इसमें शहर में चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि आमजन को सफाई, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी शाखा प्रमुखों को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो और तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किए जाएं। प्रशासक एवं जिला कलेक्टर नमित मेहता से भी शिष्टाचार भेंट की और शहर के विकास कार्यों, खासकर मानसून के दौरान जलभराव की समस्या और सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी से भी मुलाकात कर निगम की प्राथमिकताएं बताईं। बता दें कि प्रदेश सरकार ने 22 जून को 62 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इसमें निगम आयुक्त पद पर कार्यरत रामप्रकाश का तबादला जिला परिषद अजमेर के सीईओ पद पर कर दिया, जबकि खन्ना को यह जिम्मा दिया।