समूचा प्रदेश भिगोने के बाद बाड़मेर पहुंचा मानसून:दिन में उमस के बाद रात 8 बजे 30 किलोमीटर हवा के साथ 15 मिनट बौछारें गिरी; 4 साल बाद जून में सबसे कम बारिश

लंबे इंतजार के बाद पश्चिमी राजस्थान में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। पिछले 5-7 दिन से समूचे राजस्थान में मानसून की तेज बारिश हो रही है, लेकिन अब बाड़मेर-जैसलमेर भी पहुंच गया है। अब तक प्रदेश के बाड़मेर-जैसलमेर जिले सूखे थे। मानसून की पहली बारिश ने गुरुवार रात 8 बजे दस्तक दी। करीब 30-40 किमी. तेज रफ्तार अंधड़ के साथ बाड़मेर में बारिश की बौछारें शुरू हुई। करीब 15 मिनट तक चली बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। सड़कों पर डेढ़-दो फीट तक पानी की चादर चली। शहर के कई निचले इलाकों में भी पानी का भराव रहा। किसान खरीफ बुवाई के लिए काफी समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे। गुरुवार को सुबह से उमस और तेज गर्मी रही। इससे अधिकतम तापमान 40.6 और न्यूनतम 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर की तपिश के बाद शाम 8 बजे बारिश की बौछारों से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस दौरान हवा की रफ्तार तेज रही। करीब 30-40 किमी. चली हवा के कारण शहर में बिजली गुल हो गई। इससे शहर अंधेरे में डूब गया। करीब एक घंटा तक शहर में बिजली कटी हुई रही। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक यह पहली बार है, जब जून में अब तक बेहद कम बारिश हुई है। जून 2024 में 104, जून 2023 में 382, जून 2022 में 111 और जून 2021 में 47 एमएम बारिश हुई थी। जबकि इस बार अब तक 10 एमएम बारिश ही हुई है। इस बार अब तक जून महीना सूखा बीता है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक तेज बारिश की संभावना जताई है। 27-28 जून को भी बारिश की संभावना है। हालांकि इसके बाद 29-30 को मानसून कमजोर पड़ने के साथ ही 1 जुलाई से फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। ऐसे में अब आगामी एक सप्ताह तक जिले में तेज बारिश होने की संभावना है।