सांप के डंसने से 3 माह की गर्भवती की मौत:5 दिन से ICU में थी; नर्सिंगकर्मी रोते हुए बोली- अभी तो मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था

सांप के डंसने से 3 माह की गर्भवती की मौत:5 दिन से ICU में थी; नर्सिंगकर्मी रोते हुए बोली- अभी तो मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था
सांप काटने से 22 साल की विवाहिता ने 5 दिन चले इलाज के बाद दम तोड़ दिया। 6 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसे खेत में काम करते हुए सांप ने हाथ पर डंस लिया था। उसकी मौत की खबर सुनकर महिला नर्सिंगकर्मी की आंखें भी नम हो गई। बोलीं- कल तक तो ठीक थी अब अचानक क्या हो गया? अभी तो उसकी हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था। मामला पाली का मंगलवार का है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रेखा (22) पत्नी विजय 5 दिन से ICU में भर्ती थी। खेत में काम करते हुए उसे हाथ पर सांप ने डंस लिया था। इसके बाद परिजन उसे बांगड़ अस्पताल लाए थे। यहां मंगलवार को ICU में उसकी मौत हो गई। वह 3 महीने की गर्भवती थी। खेत में काम करते हुए सांप ने डंसा था जानकारी के अनुसार, ब्यावर जिले के बिराठियां खुर्द निवासी विजय नायक (25) की शादी 4 दिसंबर 2024 को पाली की रहने वाली 22 साल की रेखा से हुई थी। दोनों शादी से बहुत खुश थे। विजय और उसका परिवार पाली जिले के सादड़ी थाना क्षेत्र के लाटाड़ा में कृषि कार्य करता है। 6 जून 2025 की सुबह रेखा अपने पति विजय और सास-ससुर के साथ खेत में काम कर रही थी। इस दौरान फसल काटते समय अचानक सांप ने उसके हाथ पर डंस लिया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए सादड़ी ले गए। जहां से उन्हें बाली और फिर सुमेरपुर भगवान महावीर हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल भेजा गया। जहां उसका ओल्ड ICU में उपचार चल रहा था। 6 जून से बांगड़ हॉस्पिटल के ओल्ड आईसीयू वार्ड प्रभारी राजेंद्र सिंह उदावत, नर्सिंगकर्मी जनक कंवर, नंदकिशोर डॉक्टरों के साथ रेखा के उपचार में जुटे थे। नर्सिंगकर्मी रोने लगी वार्ड में लगी नर्सिंगकर्मी जनक कंवर मंगलवार सुबह जब ड्यूटी पर आई। जब साथी नर्सिंगकर्मियों ने उसे बताया कि रेखा की डेथ हो गई तो उसे यकीन नहीं हुआ। तुरंत उसके बेड के पास जाकर देखा। उसकी बॉडी देखने के बाद जनक की आंखें नम हो गई। बोली कि कल ठीक थी। महज 22 साल की थी रेखा। अभी उसकी हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था। ऐसा कैसे हो गया।