ससुराल में जहर खाया, बोला- पत्नी ने कहा था मर-जा:8 साल पहले लव मैरिज की थी, परिजन बोले- लड़कीवाले शादी से खुश नहीं थे, बेटे को मार डाला

अकाउंटेंट ने अपने ससुराल में जहर खा लिया। उसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया तो उसके आखिरी शब्द थे- अपनी पत्नी की वजह से जहर खाया है। मैंने उसे पैकेट दिखाया था, बोला मर रहा हूं, उसने कहा- मर जा। इसके बाद 1 दिन चले इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 8 साल पहले उसने लव मैरिज की थी। इसके बाद से दोनों पति-पत्नी अपने परिवारों से अलग रह रहे थे। 2 बच्चे होने के बाद अपने घर रहने आ गया था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद बहू अपने मायके वालों के बहकावे में आ गई। बेटा जब भी मिलने जाता उससे मारपीट करते। युवक एक सुसाइड नोट भी छोड़कर गया है जिसकी जांच में पुलिस लगी है। मामला भरतपुर के अटल बंद थाना इलाके के बजरंग नगर का है। थाने के ASI हरीश ने बताया कि चंद्रपाल सिंह निवासी बजरंग नगर ने अपने बेटे गौरव सिंह की मौत के बाद साेमवार को मामला दर्ज करवाया है। इसमें बताया कि गौरव ने 1 जून की 4 बजे दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके बाद RBM अस्पताल में भर्ती करवाया जहां कल ही उसकी मौत हो गई। गौरव के पिता ने उसकी पत्नी मोना, उसकी मां (सास) मंजीत और दादा शेर सिंह के खिलाफ शिकायत दी है। जांच जारी है, जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 8 साल पहले मोना से की थी लव मैरिज पिता चंद्रपाल सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बेटे गौरव सिंह ने साल 2017 में मोना निवासी जवाहर नगर से लव मैरिज की थी। गौरव एक प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट था। मोना के परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं थे। वह गौरव और हमारे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर प्रताड़ित करने लगे थे। इसी डर के कारण गौरव मोना को लेकर भरतपुर से बाहर रहने लगा। इसके बाद जब गौरव और मोना के दो बच्चे (लड़के) हो गए तो, गौरव मोना को लेकर सालभर पहले हमारे घर आ गया। जिसके बाद मौना के परिजन भी हमारे घर मिलने आने लगे। बच्चों से मिलने नहीं देते थे, मारपीट करते शिकायत में बताया कि कुछ दिनों पहले मोना के परिजन उसे हमारे घर से ले गए और अपने घर ले जाकर गौरव के खिलाफ भड़काया। जब गौरव उसे लेने गया तो, मौना के परिजनों ने उसे भेजने से मना कर दिया। गौरव जब भी मोना और अपने बच्चों से मिलने जाता तो उसे बच्चों से मिलने नहीं दिया जाता और मौना की मां मंजीत कौर और दादा शेर सिंह गौरव से मारपीट करते। इससे गौरव मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। गौरव के ससुराल वाले उसे तरह-तरह से परेशान करने लगे। पत्नी बोली- मर जा पिता चंद्रपाल सिंह ने बताया- मोना के पीहर वालों ने गौरव के खिलाफ घरेलू हिंसा का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया था। इसके बाद 1 जून को फिर से गौरव अपनी पत्नी मोना और अपने बच्चों से मिलने के लिए ससुराल गया था। तब गौरव के साथ मोना, उसकी मां मंजीत कौर और दादा शेर सिंह ने मारपीट की और घर से भगा दिया। पिता ने कहा कि गौरव वेंटिलेटर पर था, जब उससे पूछा कि सुसाइड क्यों की तो उसने कहा- पत्नी के कारण, मेरी बीवी की वजह से। उसने बताया कि मैंने उसे पुड़िया दिखाई थी, बोला था कि मर जाऊंगा। पत्नी ने कहा मर जा।