शिवराज-खट्टर समेत 6 चेहरे भाजपा अध्यक्ष की रेस में:संगठनात्मक अनुभव के साथ जातीय-क्षेत्रीय समीकरण देखे जा रहे; केंद्रीय चुनाव समिति का गठन जल्द

भाजपा जल्द ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, भाजपा नए अध्यक्ष के लिए 6 नामों पर विचार कर रही है, इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, भूपेंद्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं। वहीं, भाजपा महासचिव सुनील बंसल और विनोद तावड़े भी रेस में बताए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए तीन मुख्य बातों-संगठनात्मक अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण को ध्यान में रख रही हैं। जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए एक केंद्रीय चुनाव समिति का गठन हो सकता है। यदि चुनाव की जरूरत पड़ती है तो यह समिति नामांकन, जांच और मतदान की प्रक्रिया पूरी करेगी। बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 को खत्म हो चुका है। वह एक्सटेंशन पर हैं। वहीं, वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं, इस वजह से भाजपा जल्द नया अध्यक्ष चुनने की तैयारी में जुटी है। भाजपा के 37 में से 26 प्रदेश अध्यक्ष चुने गए पार्टी संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 50% राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुनने के बाद ही होता है। फिलहाल भाजपा की 37 मान्यता प्राप्त स्टेट यूनिट हैं। इनमें से 26 राज्यों में अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। भाजपा ने जुलाई के शुरुआत 2 दिन में 9 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष चुने। इसके बाद से राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। पार्टी ने 1-2 जुलाई को 9 राज्यों (हिमाचल, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दमन दीव और लद्दाख) में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव किया। ये 4 चेहरे पहले से मुख्य दावेदार कहे जा रहे 1. शिवराज सिंह चौहान RSS की पहली पसंद, पॉपुलर और मास लीडर शिवराज सिंह चौहान 6 बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। चार बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री रहते हुए लाडली बहना योजना शुरू की, जो विधानसभा चुनाव में गेमचेंजर साबित हुई। ये योजना दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बन गई। विपक्षी पार्टियों भी इसे कॉपी कर रही हैं। प्लस पॉइंट: सरकार और संगठन चलाने का लंबा अनुभव है। पॉपुलर और मास लीडर हैं। माइनस पॉइंट: कोई नहीं 2. मनोहर लाल खट्टर PM मोदी और RSS को पसंद, शाह की लिस्ट से गायब हरियाणा के पूर्व CM और मौजूदा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर PM नरेंद्र मोदी के पुराने साथी हैं। उनकी दोस्ती 90 के दशक से है, जब दोनों किसी पद पर नहीं थे। प्लस पॉइंट: RSS का बैकग्राउंड, PM मोदी के करीबी, ईमानदार नेता की छवि। माइनस पॉइंट: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले CM पद से हटाया गया। वहां खट्टर के नाम पर लोगों में नाराजगी थी। आखिर में उन्हें मंच और पोस्टर से भी हटा दिया गया। 3. धर्मेंद्र प्रधान RSS-BJP के साइलेंट वॉरियर, संगठन में कोई विरोधी नहीं मौजूदा एजुकेशन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा से आते हैं। सरकार और संगठन दोनों में पसंद किए जाते हैं। ABVP से पॉलिटिकल करियर शुरू करने वाले प्रधान 2010 में BJP के राष्ट्रीय महासचिव बने। दो बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा सांसद रहे। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में इस्पात, पेट्रोलियम और कौशल विकास मंत्री रह चुके हैं। अभी संबलपुर सीट से सांसद हैं। प्लस पॉइंट: RSS को एतराज नहीं। लीडरशिप के करीब हैं। पार्टी या संगठन में कोई विरोधी नहीं है। माइनस पॉइंट: कोई नहीं 4. सुनील बंसल- UP में BJP को जितवाया, अमित शाह के करीबी राजस्थान से आने वाले सुनील बंसल अभी ओडिशा, बंगाल और तेलंगाना के प्रभारी हैं। UP में BJP की सरकार बनवाने में अहम भूमिका निभाई। इस वजह से नेशनल लेवल पर जगह मिली। लोकसभा चुनाव के दौरान भी बंसल प्लानिंग और एक्जीक्यूशन का हिस्सा थे। प्लस पॉइंट: RSS का बैकग्राउंड। संगठन और पार्टी पर पकड़। अमित शाह से करीबी उनकी दावेदारी पर मुहर लगा सकती है। माइनस पॉइंट: कोई नहीं नए बीजेपी अध्यक्ष के सामने होंगे 12 अहम चुनाव पार्टी के नियम के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है। एक व्यक्ति 2 बार से अधिक पार्टी का अध्यक्ष नहीं बन सकता। ऐसे में अब पार्टी के नए अध्यक्ष को 12 अहम चुनाव अपने कार्यकाल में कराने होंगे। ------------------------------------ ये खबर भी पढ़ें... BJP अध्यक्ष की रेस में शिवराज, खट्टर और धर्मेंद्र प्रधान, साउथ से बीएल संतोष दावेदार, डी. पुरंदेश्वरी लिस्ट में इकलौती महिला BJP और RSS बीते कुछ महीनों से BJP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए माथापच्ची कर रहे हैं। लिस्ट तैयार है, बस किसी एक नाम पर सहमति बनाने और अनाउंसमेंट की देर है। माना जा रहा है कि 10 से 20 मार्च के बीच अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा। पूरी खबर पढ़ें...