बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- गुटबाजी नहीं चलेगी:मजबूत संगठन से टूटेगा सरकार बदलने का पैटर्न; मुख्यमंत्री ने कहा- कार्यकर्ताओं में निराशा नहीं होनी चाहिए

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- गुटबाजी नहीं चलेगी:मजबूत संगठन से टूटेगा सरकार बदलने का पैटर्न; मुख्यमंत्री ने कहा- कार्यकर्ताओं में निराशा नहीं होनी चाहिए
भारतीय जनता पार्टी जून महीने में राजस्थान में एक साथ 5 अभियान चलाएगी। इसको लेकर सोमवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जिलाध्यक्षों को 15 जून तक मंडल समितियां बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी तरह की गुटबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। मंडल अध्यक्षों को जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों की राय और स्व विवेक से समितियों का निर्माण करना होगा। मंडल समितियों की मजबूती से ही संगठन सुदृढ़ होगा, जो प्रदेश में सरकार बदलने के पैटर्न को बदलने में मदद करेगा। कार्यकर्ता को निराशा का भाव नहीं लाना चाहिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा- कार्यकर्ताओं को निराशा का भाव नहीं लाना चाहिए। सभी की अपेक्षाएं एक साथ पूरी नहीं हो सकती है, लेकिन संगठन की सभी के काम पर नजर है। हमें सरकार की जनहित की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेना चाहिए। जब हम विपक्ष में थे तो कार्यकर्ताओं की ताकत लगती थी। लेकिन अब हमारी सरकार है तो हमें कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेना चाहिए। प्रदेश में पांच अभियान चलाएगी भाजपा भजनलाल शर्मा ने कहा- भाजपा जून महीने में प्रदेश में 5 अभियान चलाएगी। पहला अभियान-वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 5 जून से शुरू होगा। इसमें जल संरक्षण से जुड़े कार्य होंगे। दूसरा अभियान-संकल्प से सिद्धि तक होगा। यह अभियान मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 9 जून से 21 जून तक चलेगा। तीसरा अभियान-21 जून को योग दिवस के उपलक्ष्य में होगा। चौथा अभियान-23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर शुरू होगा। वहीं पांचवां अभियान-आपातकाल की बरसी पर भाजपा चलाएगी। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जयपुर जिले के मंडल अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।