प्रेम, ऐश्वर्य और भौतिक सुखों के कारक शुक्र ग्रह ने अपनी उच्च राशि मीन को छोड़कर मेष राशि में गोचर किया

प्रेम, ऐश्वर्य और भौतिक सुखों के कारक शुक्र ग्रह ने अपनी उच्च राशि मीन को छोड़कर मेष राशि में गोचर किया
भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ वैदिक पंचांग के अनुसार 31 मई को सुबह 11:17 बजे प्रेम, ऐश्वर्य और भौतिक सुखों के कारक शुक्र ग्रह ने अपनी उच्च राशि मीन को छोड़कर मेष राशि में गोचर कर लिया है। यह गोचर 29 जून की दोपहर 2:08 बजे तक प्रभावी रहेगा, इसके बाद शुक्र वृष राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषाचार्य डॉ. संजय गील के अनुसार यह गोचर लगभग 23 दिनों तक प्रेम जीवन, वैवाहिक सुख, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक माहौल पर खासा असर डालेगा। शुक्र को वैदिक ज्योतिष में दैत्य गुरु कहा गया है। यह ग्रह सुंदरता, कला, विलासिता, दांपत्य जीवन और भोग से जुड़ा हुआ है। ऐसे में जब शुक्र अपनी उच्च राशि को छोड़कर अग्नि तत्व की मेष राशि में प्रवेश करता है, तो इसके परिणाम कुछ राशियों के लिए लाभदायक, जबकि कुछ के लिए सतर्कता बरतने वाले हो सकते हैं। मेष के स्वामी मंगल हैं और शुक्र व मंगल के संबंध तटस्थ माने जाते हैं। शुक्र का गोचर कैसे करेगा असर : यह गोचर जहां कुछ जातकों को प्रेम-प्रसंग में सफलता, आय में वृद्धि और पारिवारिक सुख देगा, वहीं कुछ के लिए यह जीवनसाथी की सेहत, रिश्तों में तनाव और खर्चों में वृद्धि का कारण बन सकता है। विशेष रूप से जिन राशियों में शुक्र शुभ भाव में गोचर कर रहा है, वहां ऐश्वर्य और सुखों में वृद्धि होगी। शुक्र का यह गोचर जीवनशैली में तेजी, सौंदर्य प्रसाधनों, फैशन, फिल्म, कला, संगीत और मनोरंजन से जुड़े क्षेत्रों में तेजी ला सकता है। वहीं जिन लोगों की कुंडली में शुक्र पहले से ही मजबूत है, उन्हें इस अवधि में नए अवसर और प्रस्ताव भी मिल सकते हैं। राशियों पर कैसा रहेगा असर: मेष: वाणी में प्रभाव, दांपत्य प्रस्ताव मिल सकते हैं। सात अनाजों का दान करें। वृष: बारहवें भाव में गोचर से खर्च बढ़ेगा, पर कविता और कल्पना में रुचि जगेगी। घर की महिला धूल दबाएं। मिथुन: आय में वृद्धि और गुप्त लाभ के योग। रुमाल में हल्का परफ्यूम रखें। कर्क: करियर में सफलता, जीवनसाथी के स्वास्थ्य में सुधार। दही का दान करें। सिंह: भाग्य का साथ मिलेगा, धार्मिक यात्राएं हो सकती हैं। काली गाय की सेवा करें। कन्या: उधारी से बचें, जीवनसाथी की सेहत पर ध्यान दें। ज्वार का दान करें। तुला: जीवनसाथी से सहयोग, लंबी यात्रा संभव। बहते पानी में नीला फूल डालें। वृश्चिक: नए मित्र बनेंगे, धन लाभ के संकेत। महिला सोने रंग का हेयर क्लिप लगाएं। धनु: धर्म के प्रति आस्था बढ़ेगी, पारिवारिक संबंध मजबूत होंगे। दूध का दान करें। मकर: वाहन-भूमि लाभ संभव। प्रतिदिन कुएं में हल्दी डालें। कुंभ: भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा। हर स्त्री का सम्मान करें। मीन: आर्थिक स्थिति सुधरेगी। दो सौ ग्राम गाय का घी मंदिर में दान करें।