पेड़ से लटका मिला शव, परिजन को हत्या का शक:बोले-ससुराल वालों से चल रही थी अनबन, 2 दिन पहले ही पत्नी को पीहर से लाया था

पेड़ से लटका मिला शव, परिजन को हत्या का शक:बोले-ससुराल वालों से चल रही थी अनबन, 2 दिन पहले ही पत्नी को पीहर से लाया था
भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर गमछे से लटका हुआ मिला। शव की शिनाख्त हो गई। व्यक्ति हिंडौन का रहने वाला है। जहां व्यक्ति ने फांसी लगाई है वहां से कुछ दूरी पर उसकी ससुराल है। मृतक का शव रुदावल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा हुआ है। अभी मौत के कारणों का पता नहीं लग पाया है। वहीं मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। रुदावल थाना अधिकारी बाल कृष्ण ने बताया कि कल शाम करीब 8 बजकर 30 मिनट पर कुछ लोग बांध बारैठा की पाल घूम रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक आम के पेड़ पर एक शव को लटका देखा। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। FSL की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव की शिनाख्त नहीं हुई तो, शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। रात में सभी थानों को सूचना दी गई जिसके बाद शव की शिनाख्त लक्ष्मण निवासी पनबेडा थाना हिंडौन सदर के रूप में हुई। आज सुबह मृतक के परिजन रुदावल अस्पताल की मॉर्च्युरी पर पहुंचे। जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। परिजन की शिकायत मिलने के बाद जांच करेंगे। लक्ष्मण के भाई सियाराम ने बताया कि लक्ष्मण की ससुराल महमदपुरा में है। वह 2 दिन पहले ही अपनी पत्नी को महमदपुरा से अपने घर लेकर आया था। लक्ष्मण का उसकी ससुराल वालों से अनबन चल रही थी। कल लक्ष्मण घर से बिना किसी से कुछ कहे निकला था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। हमें आशंका है कि लक्ष्मण की हत्या की गई है। उसके बाद शव को पेड़ से लटकाया गया है। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर