पंचायतीराज-नगर निकाय चुनाव को लेकर मंत्री बोले-कितने सवाल पूछोगे?:8 मिनट में प्रेस-कॉन्फ्रेंस छोड़कर गए; कई प्रश्नों के जवाब टाले

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के मंत्री सुमित गोदारा सोमवार को सवालों से बचते नजर आए। बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शाम 5 बजे विभाग की बैठक के बाद उन्होंने प्रेस-कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। जब उनसे पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव को लेकर सवाल किया तो वे टालते नजर आए। बोले-अरे कितना सवाल पूछोगे, एक पूछा-दो पूछे, ऐसे कोई सवाल करता है क्या? इसके बाद वे प्रेस-कॉन्फ्रेंस छोड़ अपना फोल्डर उठाकर निकल गए। पास बैठे बीजेपी जिलाध्यक्ष और जनप्रतिनिधि हंसने लगे। मंत्री ने 7-8 मिनट ही मीडिया से बात की। इसमें भी सवाल-जवाब का दौर महज 3 से 4 मिनट का रहा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना को लेकर उपलब्धि गिनाई। खाद्य सुरक्षा में 45 लाख लोगों के नाम जुड़े मंत्री सुमित गोदारा ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश में खाद्य सुरक्षा से नए पात्र लोगों को जोड़ा जा रहा है। अपात्र लोगों के लिए गिव अप अभियान चल रहा है। खाद्य सुरक्षा पोर्टल 26 जनवरी 2025 को खुला था। अब तक 45 लाख से अधिक लोगों को खाद्य सुरक्षा में जोड़ा जा चुका है। बाड़मेर जिले में 1 लाख 61 हजार लाभार्थी जुड़े हैं। प्रदेश में 22 लाख लोगों ने अपना नाम स्वेच्छा से हटा लिया है। इससे लगभग 410 करोड़ की राजस्व की बचत होगी। बाड़मेर जिले में 47 हजार लाभार्थियों ने खाद्य सुरक्षा से अपना नाम वापस लिए हैं। बाड़मेर जिले के राशन डीलरों का मई 2025 तक कमीशन उनके खातों में जमा हो गया है। पोर्टल नहीं खुलने की शिकायतों को लेकर मंत्री ने कहा- विभाग का पोर्टल पूरे समय चालू है। खुद जाकर आवेदन किया जा सकता है। पहले से शिकायतें आनी कम हुई हैं। शिकायतों पर हम कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हैं। लोग लिखित में शिकायत नहीं देते। किरोड़ीलाल मीणा अच्छा अभियान चला रहे मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के छापेमारी के सवाल पर गोदारा ने कहा- कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा अच्छा अभियान चला रहे हैं। मिलावट को लेकर सरकार पहले ही सख्त है। मिलावट को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। इस कार्रवाई से किसानों को फायदा होगा। निर्मल चौधरी गिरफ्तारी पर कहा- कानून तोड़ने वाले पर एक्शन होगा पूर्व छात्र नेता निर्मल चौधरी के सवाल पर वे बोले- कानून अपनी कार्रवाई करेगा। चाहे कोई भी हो। जो कानून तोड़ेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कानून से ऊपर कोई नहीं हो सकता। हमें तो प्रशंसा करनी चाहिए। कि कानून सबके लिए बराबर है। निर्मल चौधरी के धमकी देने के बयान पर वे बोले- कहने को कुछ भी बोल दें लेकिन कानून अपनी कार्रवाई करता है। भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में कानून व्यवस्था अच्छी हुई है। बीते डेढ़ साल एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई है। एक समय वो था कांग्रेस राज में पेपर लीक हो रहे थे। युवाओं के साथ खिलवाड़ हुआ। हमारी सरकार में पेपर लीक नहीं होना एक संदेश है कि कानून व्यवस्था आम आदमी और युवाओं के प्रति सजग है। मंत्री बोले- एसओजी ने अच्छा काम किया है, नकल माफिया डर गए एसआई भर्ती को लेकर चल रहे धरने के सवाल पर मंत्री बोले- यह मामला कोर्ट में है। इस पर मुझे बोलना नहीं चाहिए। आरपीएससी चेयरमैन और सदस्य पकड़े गए हैं। इस कार्रवाई से पहले राजस्थान में क्या कभी बड़ी मछलियां पकड़ में आई थी? एसओजी की प्रशंसा करनी चाहिए। उन्होंने कितनी शानदार कार्रवाई की है। नकल माफिया डरने लगे हैं। इसी का असर है कि बीते डेढ़ साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।