नागौर में आज 25 डिग्री से कम रहा न्यूनतम तापमान:बीती रात तेज रफ्तार से चलीं हवाएं, 2 दिन बाद बढ़ेगा तापमान

नागौर में आज 25 डिग्री से कम रहा न्यूनतम तापमान:बीती रात तेज रफ्तार से चलीं हवाएं, 2 दिन बाद बढ़ेगा तापमान
नागौर में नौतपा की विदाई ठंडे मौसम से हुई। नौतपा के अंतिम दिन सोमवार को शाम 4 बजे बाद आंधी आई और इसके बाद पूरी रात तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। आज सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, ठंडी हवाओं का दौर जारी है। पिछले 18 घंटे में नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले के सीमावर्ती इलाकों में बारिश हुई। आज भी हल्की बारिश की संभावना है। 2 दिन बाद तेज गर्मी बढ़ेगी। नागौर में मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। अगले 48 घंटे भी तापमान समान्य रहेगा, इसके बाद तापमान बढ़ेगा। नागौर में सोमवार शाम‌ को आंधी आने के बाद आसमान में धूल का गुबार छा गया। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को नागौर का न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आज सुबह नागौर का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। हवाएं चलने से उमस नहीं है, इससे मौसम सुहाना हो गया है। वेदर एक्सपर्ट्स के अनुसार फिलहाल अगले 48 घंटे तक मौसम सामन्य बना रहेगा। अरब सागर में बना नया वेदर सिस्टम अब अंतिम दौर में है। गुरुवार दोपहर बाद मौसम में गर्मी बढ़ेगी। तापमान बढ़ने से एक बार फिर जनजीवन प्रभावित होगा। नागौर इलाके में अभी तेज बारिश की संभावना कम है। आंधी और तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में सामान्य बारिश हो सकती है। गुरुवार सुबह तक नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले‌ में आंधी का अलर्ट है।