दौसा जिले के कई इलाकों में बारिश:घने बादल छाए, ठंडी हवाओं से गर्मी व उमस से राहत, तापमान में भी गिरावट

दौसा जिले में मौसम पूरी तरह बदल गया है। यहां बीती रात कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। रात 9 बजे बाद दौसा, सिकराय व बांदीकुई क्षेत्र के गांवों में हल्की तो कहीं मध्यम बारिश का दौर देर रात तक रुक-रुक कर चला। साथ में ठंडी हवा ने मौसम को सुहाना बना दिया। मंगलवार सुबह भी आसमान में घने बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि रात को बारिश के मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं रविवार को तापमान अधिकतम 33 और न्यूनतम 30 डिग्री रहा था। जबकि पूर्व भी एवरेज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा था। ऐसे में बारिश के बाद तापमान स्थिर बना रह सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है 6 जून तक बादल छाए रहने और बूंदाबांदी से गर्मी से राहत मिलने के साथ अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। साथ में अधंड़ के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। जबकि 7 जून के बाद तापमान में बढ़ोतरी होना बताया जा रहा है।