डूंगरपुर में पानी की बर्बादी:धनमाता पहाड़ी पर टूटी मुख्य पाइपलाइन से हजारों लीटर पानी बहा, कॉलोनियों में 5 दिन से सप्लाई नहीं

डूंगरपुर में पानी की बर्बादी:धनमाता पहाड़ी पर टूटी मुख्य पाइपलाइन से हजारों लीटर पानी बहा, कॉलोनियों में 5 दिन से सप्लाई नहीं
डूंगरपुर शहर में लोग पीने के पानी की किल्लत झेल रहे हैं। कई कॉलोनियों में 4 से 5 दिनों में एक बार पानी की सप्लाई हो रही है। दूसरी ओर ठेकेदार और अधिकारियों की लापरवाही से हजारों लीटर पानी फालतू में बह गया। शहर के धनमाता पहाड़ी की कॉलोनी में मैन पाइपलाइन टूट गई। 2 दिन से टूटी लाइन को ठीक किए बिना ही पानी की सप्लाई शुरू कर दी। ऐसे में पीने का पूरा पानी सड़क पर दरिया की तरह बहने लगा। लोगों ने ठेकेदार और अधिकारियों की लापरवाही पर आक्रोश जताया है। धनमाता पहाड़ी के लोगों ने बताया कि 2 दिन से कॉलोनी में खुदाई का काम चल रहा है। इस दौरान पुरानी मैन पाइपलाइन टूट गई। जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया है। वहीं रविवार सुबह जलदाय विभाग की ओर से कॉलोनियों में पानी सप्लाई के लिए लाइन शुरू की गई तो पानी का फव्वारा उठने लगा। देखते ही देखते पहाड़ी की तरफ से पूरा पानी दरिया की तरह सड़क पर बहने लगा। हजारों लीटर पीने का पानी फालतू में बहता देख लोगों ने भी आक्रोश जताया। पाइपलाइन टूटी होने से लोगों के घरों तक भी पानी नहीं पहुंचा। कॉलोनीवासियों ने कहा कि पाइपलाइन टूटने के बाद अधिकारियों ने इसे ठीक ही नहीं करवाया, जबकि कॉलोनी में 3 दिन से सप्लाई नहीं होने से पानी की समस्या भी हो रही है। दूसरी ओर गर्मी में शहर की कई कॉलोनियों में पीने के पानी की परेशानी बनी हुई है। 4 से 5 दिन में एक बार पानी की सप्लाई हो रही है।