डंपर ने खड़ी कार को टक्कर मारी, रोकने गए उपसरपंच पति को कुचला, मौत

डंपर ने खड़ी कार को टक्कर मारी, रोकने गए उपसरपंच पति को कुचला, मौत
सुखेर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-76 पर बुधवार दोपहर को बड़ा हादसा हो गया। एक डंपर ने हाइवे पर खड़ी उपसरपंच पति की कार को टक्कर मार दी। वे रोकने गए तो डंपर उन्हें कुचल कर भाग गया। उनकी दर्दनाक मौत हो गई। कार में बैठा उनका साथी घायल हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे तक हाईवे जाम कर अंडरपास बनाने की मांग की। थानाधिकारी रवींद्र चारण ने बताया कि भैंसड़ा कलां, डबोक निवासी किशनलाल डांगी (39) की पत्नी वक्तू बाई पंचायत की उप सरपंच हैं। बुधवार सुबह किशनलाल अपने साथी किशनलाल उर्फ राजू के साथ कविता में किसी काम से आए थे। दोपहर में वे वापस गांव जाने के लिए निकले थे। दोपहर 1:30 बजे बीएसएफ कैंप के पास सूर्या होटल के सामने वे कार रोककर फोन पर बात करने बाहर उतरे थे। साथी अंदर ही था। तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार पास के नाले में फंस गई। वे बच गए और डंपर को रोकने के लिए दौड़े और आगे खड़े हो गए। तभी चालक ने डंपर पीछे ले लिया। फिर तेज रफ्तार में आगे उनको कुचल कर भाग गया। किशनलाल उर्फ राजू भी गंभीर घायल हो गया। हाइवे पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एमबी हॉस्पिटल और शव को मोर्चरी में पहुंचाया। परिजन भी हॉस्पिटल पहुंचे। डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। ग्रामीण बोले- डांगियों का गुड़ा से हाईवे पर आने में लंबा फेरा, अंडरपास बनवाएं हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस हाईवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। डांगियों का गुड़ा से हाईवे पर आने के लिए घूमकर आना पड़ता है। हाईवे से आने पर हादसे होने का डर रहता है। यहां अंडरपास नहीं है, इस कारण हादसे होते हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे ऑथोरिटी से अंडरपास बनवाने की मांग की। उन्हें यह जरूरत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए आश्वस्त किया गया। समझाइश करने के बाद ग्रामीणों ने रास्ता छोड़ा। इसके बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया। एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।