UP-MP सहित 9 राज्यों में हीटवेव, राजस्थान-हरियाणा में रेड अलर्ट:तापमान 48° पहुंचने की आशंका; तेलंगाना में बिजली गिरने से 6 की मौत

UP-MP सहित 9 राज्यों में हीटवेव, राजस्थान-हरियाणा में रेड अलर्ट:तापमान 48° पहुंचने की आशंका; तेलंगाना में बिजली गिरने से 6 की मौत
देश में मानसून 29 मई से मुंबई-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रुका है। साउथ और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों को छोड़कर सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित 9 राज्यों में आज हीटवेव का अलर्ट है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है। यहां तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है। वहीं, हरियाणा के 9 जिलों में दिन का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मध्य प्रदेश के उज्जैन, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग के 12 जिलों में लू चलने की चेतावनी है। वहीं, राजस्थान के भी 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। गुरुवार को श्रीगंगानगर, कोटा, बीकानेर सहित कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार रहा। दूसरी तरफ, मौसम विभाग ने कर्नाटक, गोवा, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई है। कर्नाटक के हुबली में गुरुवार को भारी बारिश हुई। इससे कई जगह बिल्डिंग के बेसमेंट और सड़कों पर पानी भर गया। तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने से पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। मानसून 25 जून तक दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत पहुंचेगा भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस हफ्ते रफ्तार पकड़ी है। अनुमान है कि मानसून 25 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लेगा। केरल में 24 मई को मानसून पहुंचा था। यह अपने तय समय से 8 दिन पहले पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब मानसून इतनी जल्दी आया है। 2009 में मानसून 9 दिन पहले पहुंचा था। वहीं, पिछले साल 30 मई को दस्तक थी। राज्यों में मौसम की तस्वीरें... राज्यों के मौसम का हाल... मध्य प्रदेश: 15-16 जून को भारी बारिश का अलर्ट, ग्वालियर समेत 12 जिलों में आज लू चलेगी मध्यप्रदेश में 15 और 16 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिणी हिस्से के पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, खंडवा में 24 घंटे में ढाई से 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है। इसी दौरान मानसून भी प्रदेश में एंटर हो जाएगा। शुक्रवार को उज्जैन, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग के 12 जिलों में लू का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें... राजस्थान: 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 22 जिलों में लू की भी चेतावनी; कल से प्री-मानसून बरसात होगी राजस्थान में 14-15 जून से प्री-मानसून की बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। कोटा, उदयपुर संभाग से बारिश का दौर शुरू होगा, जो 20 जून तक बढ़ते-बढ़ते जयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया को कवर करेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 22 जिलों में लूट चलने की चेतावनी है। वहीं, 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें... बिहार: अगले 48 घंटे हीटवेव से राहत नहीं, आज 17 जिलों में यलो अलर्ट; पटना में 8वीं तक के स्कूलों का टाइमिंग बदली बिहार के लोगों को अगले 48 घंटे हीटवेव और उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। प्रदेश के 17 जिलों में शुक्रवार को भी हीटवेव का यलो अलर्ट है। वहीं, राज्य के 6 जिलों में आज बारिश की संभावना है। तेज हवा चल सकती है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पटना में तेज धूप रहेगी। पूरी खबर पढ़ें... उत्तर प्रदेश: 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 14 जिलों में हीटवेव, पिछले 24 घंटे में 30 जिलों का पारा 40°C के पार UP में गर्म हवा के थपेड़ों के साथ भीषण गर्मी का कहर जारी है। हालांकि, मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। जबकि 14 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के कई जिले लू की चपेट में हैं। गुरुवार को आगरा और झांसी का तापमान लगातार 45°C के पार रहा। पूरी खबर पढ़ें... छत्तीसगढ़: रायपुर-दुर्ग समेत 14 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, धमतरी-महासमुंद में 50 किमी रहेगी हवा की रफ्तार छत्तीसगढ़ में आज मौसम में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। तापमान सामान्य से कम रहेगा। मौसम विभाग ने आज दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिर सकती है। 14 जून यानी कल से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें... हरियाणा: राज्य में तापमान 47 डिग्री पार, 9 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट, 3 में बारिश के आसार मौसम विभाग ने हरियाणा में लू की चेतावनी जारी की है। 9 जिलों में रेड अलर्ट है। वहीं राज्य में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गुरुवार को हरियाणा का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 9 जिलों में रेड, 7 जिलों में ऑरेंज और 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें... पंजाब: 8 जिलों में लू का अलर्ट, तापमान 46 डिग्री पार, कल से आंधी-बारिश की संभावना पंजाब में अगले दो दिन तक भीषण गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने आज भी हीटवेव (लू) का रेड अलर्ट जारी किया है। आज से एक पश्चिमी विक्षोभ (मौसम बदलने वाला सिस्टम) सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है। हालांकि पिछले 24 घंटे में तापमान में सिर्फ 0.1 डिग्री की कमी आई है, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। पूरी खबर पढ़ें...