टोंक में अंधड़ के बाद बूंदाबांदी, गर्मी से मिली राहत:सुबह से चल रही हवा और बादल छाने से अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरने के आसार

जिला मुख्यालय समेत जिले के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही हवा चलने से गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। इससे पहले शनिवार मध्य रात बाद करीब आधा घंटे तक अंधड़ चलने और बूंदाबांदी होने से जन जीवन प्रभावित हुआ। इस बदले मौसम के चलते मौसम में नमी आई है। इससे तापमान भी गिरने के आसार है। 24 घंटे में ही अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस गिरने के आसार है। ऐसे में रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। ज्ञात रहे जिले में सप्ताह भर से तेज धूप का असर बना हुआ था। फिर शनिवार से मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छाये। इससे लोगों को थोड़ा गर्मी से राहत मिली। फिर मध्य रात बाद करीब डेढ़ बजे से ढाई बजे तक जिले के आशिकांश हिस्सों में अंधड़ के साथ बूंदाबांदी हुई। अंधड़ से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। कई जगह ख़ासकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।