जोधपुर में शुरू हुआ 'विकसित कृषि संकल्प अभियान:किसानों को मिली वैज्ञानिक तरीके से खेती की सलाह ,कुड़की और कानूजा गांव से हुई शुरुआत

जोधपुर में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में काजरी, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर और कृषि विज्ञान केंद्र रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया गया। यह राष्ट्रीय अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा। काजरी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमेन्द्र ने किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के गुर बताए और बागवानी से आय बढ़ाने पर जोर दिया। मृदा वैज्ञानिक डॉ. ओमप्रकाश मीणा ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए देशी खाद के महत्व और मृदा स्वास्थ्य कार्ड की उपयोगिता समझाई। कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. बीआर चौधरी और डॉ. ललिता ने खरीफ फसलों में होने वाले प्रमुख रोगों और कीटों की पहचान तथा उनके रासायनिक एवं जैविक समाधान बताए। कृषि विज्ञान केंद्र की डॉ. निधि ने अभियान के उद्देश्यों को विस्तार से समझाया और किसानों को वैज्ञानिक विधियों से खेती करने का आह्वान किया। उद्यानिकी विभाग के कृषि अधिकारी शिवराज सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। यह अभियान किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।