जयपुर में युवक ने सुसाइड किया:अवैध पिस्टल से घर में खुद की कनपटी में गोली मारी, गंभीर बीमारी से परेशान था

जयपुर में सोमवार की दोपहर एक युवक ने सुसाइड कर लिया। अवैध पिस्टल से उसने अपनी कनपटी में गोली मार ली। वह गंभीर बीमार से परेशान चल रहा था। मुहाना थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। एसएचओ (मुहाना) गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया- करौली के रहने वाले रविन्द्र उपाध्याय (34) ने सुसाइड किया है। वह मुहाना स्थित नारायण सरोवर में अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह पिछले दो साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। दोपहर करीब 3 बजे परिवार के सदस्य सो रहे थे। हॉल में सो रहे माता-पिता के पास रविन्द्र आया। इसके बाद अवैध पिस्टल से खुद की कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर माता- पिता जाग गए। लहूलुहान हालत में रविन्द्र बिस्तर पर गिरा हुआ था। सुसाइड की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका- मुआयना कर पोस्टमॉर्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। पुलिस ने अवैध पिस्टल को जब्त कर लिया है। पुलिस अवैध पिस्तौल कहां से लाई गई, इसकी जांच में जुट गई है।