गलता जी में मंत्री जोगाराम पटेल ने किया श्रमदान:प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए की पूजा - अर्चना

गलता जी में मंत्री जोगाराम पटेल ने किया श्रमदान:प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए की पूजा - अर्चना
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर के ऐतिहासिक गलता तीर्थ में पूजा - अर्चना कर श्रमदान किया गया। इस दौरान जयपुर के प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल नगर निगम हेरिटेज मेयर कुसुम यादव समेत नगर निगम हेरिटेज और ग्रेटर के साथ ही जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री जोगाराम पटेल ने मंदिर श्री सीताराम जी में विशेष पूजा अर्चना कर प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना की। इसके बाद उन्होंने गलता कुंड में से मिट्टी मलबा उठाकर श्रमदान किया। मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि प्रदेश में यह अभियान जन आंदोलन बन गया है। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान से लाखों लोग जुड़कर श्रमदान, पौधरोपण, जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे है। जिसमें सरकार के सभी मंत्री, विधायक, जन प्रतिनिधि प्रशासन के अधिकारी, नगरीय निकाय के अधिकारी सभी लोग इसे सफल बनाने में जुटे हुए है। हेरिटेज निगम मेयर कुसुम यादव ने कहा कि जयपुर में कई प्राचीन बावड़ी और जलाशय है। यह हमारी संस्कृति और सभ्यता भी है। इनकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हेरिटेज निगम की ओर से सभी बावड़ी और जलाशयों में सफाई अभियान किया जा रहा है। हम सभी को भी इन्हें संरक्षित रखते हुए इनका ध्यान रखना है। हमें न सिर्फ बावड़ी और जलाशयों में प्लास्टिक या अन्य सामग्री नहीं डालनी है। बल्कि, दूसरों को भी सफाई के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान जयपुर जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी, ग्रेटर निगम आयुक्त रुक्मणि रियाड, हेरिटेज निगम आयुक्त अरुण हसीजा, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा सहित निगम हेरिटेज के चेयरमैन भी मौजूद रहे।