अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती मनाई:गोयली खेतलाजी मंदिर में भाजपा ने की संगोष्ठी, जीवन और शासनकाल पर हुई चर्चा

बरलूट मंडल के गोयली खेतलाजी मंदिर परिसर में शुक्रवार को महारानी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बरलूट मंडल उपाध्यक्ष शंकरलाल देवासी ने की। भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष गोपाल माली मुख्य वक्ता रहे। मुख्य वक्ता गोपाल माली ने अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवार में जन्मीं अहिल्या बाई अपनी प्रतिभा से राजघराने की बहू बनीं। वे गरीबों और असहायों की माता थीं। विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने राजकाज संभाला। महिलाओं को स्वतंत्रता और अधिकारों के लिए जागरूक किया। मंडल महामंत्री खेताराम मालवीय ने कहा कि अहिल्या बाई ने समाज सेवा और परोपकार को सर्वोपरि रखा। उन्होंने सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि प्रत्येक मंडल स्तर पर उनकी जन्म शताब्दी मनाई जा रही है। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री खेताराम मालवीय, उपाध्यक्ष हनवंत सिंह, पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह, सरपंच प्रतिनिधि नाथूसिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संयोजक शंकरलाल देवासी, सह संयोजक जीवन राजपुरोहित और अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम का संचालन किया।