ऑनर किलिंग मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार:दोनों लड़की के रिश्तेदार; पिता, चाचा और बड़े पापा फरार

ऑनर किलिंग मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार:दोनों लड़की के रिश्तेदार; पिता, चाचा और बड़े पापा फरार
राजस्थान के अजमेर जिले में हुए ऑनर किलिंग मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मृतक की प्रेमिका के रिश्तेदार हैं। एक चाचा ससुर और दूसरा आरोपी बहन का रिश्तेदार है, जो कि मृतक की लोकेशन बताने में शामिल था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया- मामले में कार्रवाई करते हुए धारा गांव निवासी कुन्नाराम (53) और ओमप्रकाश (40) को गिरफ्तार किया गया है। कुन्नाराम किसान है। वहीं, दूसरा आरोपी एक फैक्ट्री में काम करता है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। मुख्य आरोपी लड़की के पिता, चाचा और बड़े पिता अभी फरार है, जिनकी भी तलाश जारी है। छोटे भाई की बहू को भगाने से था नाराज थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया- 4 साल पहले मृतक के साथ लिव-इन में रह रही करिश्मा की शादी चेनाराम से हुई थी। सितंबर 2024 में उसने चेनाराम को छोड़ दिया था। करिश्मा बाद में सहदेव के साथ रहने लग गई थी। आरोपी कुन्नाराम करिश्मा के पहले पति का चाचा ससुर है। कुन्नाराम इसलिए नाराज था कि उसके भाई की बहू को मृतक सहदेव भगाकर ले गया था। बाद में उसने करिश्मा के परिवार के साथ मिलकर हत्या तक की प्लानिंग की थी। किडनैपिंग से लेकर हत्या तक की जानकारी कुन्नाराम को थी। दूसरा आरोपी लोकेशन दे रहा था थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार ओम प्रकाश करिश्मा की बढ़ी बहन के पति राजू का रिश्तेदार है। जो कि मृतक सहदेव की प्रॉपर लोकेशन करिश्मा के परिवार वालों को दे रहा था। वह सहदेव का पीछा तक करके अजमेर पहुंचा था। जब सहदेव का बस स्टैंड से अपहरण किया गया तब भी वह वहीं पर मौजूद था। बाद में ओम प्रकाश ने कुन्नाराम को अपहरण तक की जानकारी दे दी थी। मुख्य आरोपी बोले- काम तमाम कर दिया दोनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उन्हें किडनैपिंग से लेकर मर्डर तक की पूरी जानकारी थी। करिश्मा के परिवार वालों ने मर्डर करने के बाद कुन्नाराम और ओमप्रकाश को फोन पर कहा कि उन्होंने उसका काम तमाम कर दिया है। टॉर्चर कर किया मर्डर पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक सहदेव को मुख्य आरोपियों के द्वारा बुरी तरह टॉर्चर किया गया। पेचकेच से पूरे शरीर पर हमला किया गया। पेज स्केच के निशान मृतक की बॉडी पर मिले थे। बाद में गला दबाकर उसे सुनसान जगह पर पटक कर चले गए। अजमेर से किडनैप हुआ, अगले दिन लाश मिली सहदेव 12 जून को अपने दोस्त हरेंद्र के साथ अजमेर में नर्स भर्ती एग्जाम देने गए थे। एग्जाम के बाद वो दोनों वापस घर लौटने के लिए 13 जून को दोपहर 1 बजे अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे थे। इस दौरान सहदेव की लिव इन पार्टनर करिश्मा का जीजा महिपाल और बड़ी बहन ललिता बस स्टैंड पर आए। वे सहदेव से बात करने लगे। यहां उनमें जमकर विवाद हुआ। थोड़ी देर में ही वहां एक कैंपर गाडी आई। उसमें बैठे लोगों ने जबरदस्ती सहदेव को पकड़ कर गाड़ी में पटक दिया। दिनदहाड़े अजमेर बस स्टैंड से सहदेव का किडनैप कर लिया गया। हरेंद्र ये सब देखकर डर गया और मौके से भाग गया। बाद में उसने घटना की आंशिक जानकारी सहदेव के पिता रामदेव भाकर को दी। सहदेव के पिता रामदेव अगले दिन 14 जून की दोपहर में अजमेर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। उन्होंने रिपोर्ट पेश कर ससुराल वालों पर किडनैप करने का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई थी। 14 जून की शाम को सूचना मिली कि नागौर के जायल के तेजासर गांव के मेहरवास रोड के किनारे खेत में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने सहदेव के पिता रामदेव से संपर्क किया और शव के फोटोग्राफ दिखाए। उन्होंने शव की पहचान कर दी। इसके बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। सहदेव कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता खेती करते हैं। करिश्मा के परिवार के लोग भी खेती-बाड़ी करते हैं। करिश्मा फिलहाल सहदेव के घर में ही है।