अहमदाबाद प्लेन क्रैश-7 दिन बाद मिला पायल का शव:परिजनों ने गोगुंदा लाकर किया अंतिम संस्कार, दादी का रो-रोकर बुरा हाल

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में लंदन पढ़ाई के लिए जा रही उदयपुर की पायल खटीक की मौत हो गई थी। परिजन पायल का शव लेकर आज गोगुंदा पहुंचे। गांव में जैसे ही एम्बुलेंस पहुंची तो मातम मच गया। पायल के घर उसका शव ले जाया गया। पायल की दादी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुजरात पुलिस भी शव के साथ आई थी। डीएनए परीक्षण के बाद बुधवार शाम को शव परिजनों को सौंपा गया था। पायल के घर से उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जो शमशान घाट पहुंची। पायल के अंतिम संस्कार की विधि पूरी की गई। गोगुंदा में अंतिम संस्कार के दौरान जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्करलाल तेली आदि मौजूद थे। बता दें कि 22 साल की पायल का विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना था। पायल के पापा सुरेश भाई खटीक हिम्मतनगर में लोडिंग ऑटो चलाते है। पायल का परिवार वहीं रहता है। पायल ने उदयपुर के डबोक में मौसी के यहां रहकर गीटस कॉलेज से बीटेक पूरी की थी। वो हिम्मतनगर रहते हुए ट्यूशन करवा कर मम्मी-पापा की मदद भी करती थी। 12 जून को पायल अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन जाने के लिए पहुंची थी। वहां परिवार के सदस्यों ने उसे खुशी-खुशी विदाई दी। पायल लंदन में एम.टेक. करने के लिए जा रही थी। उस दिन थोड़ी देर बाद ही प्लेन क्रैश की खबर ने खुशी को मातम में बदल दिया था। यह खबर भी पढ़े... लंदन से M.Tech करना चाहती थी पायल,प्लेन क्रैश में मौत:बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार की मदद करती थी; एयरपोर्ट से परिवार को किया था वीडियो कॉल (पूरी खबर पढ़े...)