अजमेर में नाबालिग का धर्म परिवर्तन कर शादी की कोशिश:मां बोली- बेटी पर दबाव बनाकर स्टाम्प तैयार करवा रहा था, कलेक्ट्रेट से भागा

अजमेर में 15 साल की लड़की से एक समुदाय के युवक के शादी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की के माता-पिता का आरोप है कि युवक उनकी बेटी का धर्म परिवर्तन कर शादी करने वाला था। युवक मंगलवार को कलेक्ट्रेट में दोनों की शादी के कागजात (डॉक्यूमेंट) बनवाने गया था। आधार कार्ड में लड़की की उम्र 18 से कम निकली। इसकी सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के लोग पहुंचे। लड़की की मां भी पहुंची। तब युवक भाग गया। लड़की के माता-पिता ने सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज करवाकर युवक को पकड़ने की मांग की है। थाना प्रभारी शम्भू सिंह ने बताया- नाबालिग के माता-पिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है। नाबालिग का धर्म परिवर्तन कर शादी करने वाला था
लड़की की मां ने रिपोर्ट में बताया- मेरे पति साउथ अफ्रीका में काम करते हैं। इन दिनों अजमेर आए हुए हैं। हम दोनों का आपसी सहमति से अलग होने का केस कोर्ट में है। हम दोनों मंगलवार सुबह कोर्ट गए थे। तब वहां बुडाना (यूपी) का रहने वाला मोहम्मद दिलदार (28) हमारी बेटी को लेकर आया। वह स्टाम्प बनाकर बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। हमने इसका विरोध किया तो बेटी को लेकर चला गया। इसके बाद सूचना मिली कि वह शादी के लिए डॉक्यूमेंट बनवाने कलेक्ट्रेट गया है। तब हम वहां पहुंचे तो वह भाग गया। युवक से सवाल किए तो करने लगा झगड़ा
विश्व हिंदू परिषद के सहप्रांत मंत्री शशि प्रकाश इन्दौरिया ने बताया- दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि एक समुदाय का युवक नाबालिग लड़की से शादी कर रहा है। शादी के लिए कलेक्ट्रेट में कागजात भी तैयार करवा रहा है। इस पर कलेक्ट्रेट पहुंचे। युवक ने एक स्टाम्प तैयार करवा रखा था। इसमें लिखा था कि वह लड़की से शादी कर रहा है और उसे किसी तरह से परेशान नहीं करेगा। युवक से सवाल-जवाब करने लगे तो वह और उसके साथ आए लोग झगड़े पर उतारू हो गए। लड़की की मां को बुलाया गया। इस दौरान मौका देखकर युवक भाग गया। इसके बाद लड़की की मां के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे। एसपी राज्यपाल विजिट में व्यस्त थे। ऐसे में सिविल लाइंस थाने में मां ने शिकायत दी। मां ने लड़के को गिरफ्तार करने की मांग की है। दसवीं क्लास में पढ़ती है नाबालिग
इन्दौरिया ने बताया- नाबालिग माता-पिता से अलग अपनी दादी के पास रहती है। दादी के घर के पास युवक का सैलून था। नाबालिग बाजार जाती तो सैलून के बाहर युवक से जान-पहचान हो गई। युवक का उसकी दादी के घर भी आना-जाना हो गया। इस दौरान नाबालिग पर शादी करने का दबाव बनाया। नाबालिग दसवीं क्लास में पढ़ती है।