77 साल की बुजुर्ग महिला ने लगाई न्याय की गुहार:बेटों और बहुओं पर मारपीट का आरोप, पुत्रवधू पर ब्यूटी पार्लर में अवैध धंधे की शिकायत

77 साल की बुजुर्ग महिला ने लगाई न्याय की गुहार:बेटों और बहुओं पर मारपीट का आरोप, पुत्रवधू पर ब्यूटी पार्लर में अवैध धंधे की शिकायत
हनुमानगढ़ के नोहर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला ने अपने परिवार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बैसाखी के सहारे चलकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर के ऑफिस पहुंची 77 वर्षीय कौशल्या ने न्याय की गुहार लगाई है। कौशल्या के मुताबिक, उनके नाम पर सरकारी योजना के तहत एक मकान है। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। छोटे बेटे और उसकी पत्नी ने मकान में जबरन दीवार बनाकर कब्जा कर लिया है। अब वे बचे हुए हिस्से पर भी कब्जा करना चाहते हैं। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि दोनों बेटे, बहुएं और पोता उनके साथ मारपीट करते हैं। जब उनकी बेटियां मिलने आती हैं, तो उन्हें घर में घुसने नहीं दिया जाता। तीन दिन पहले बड़े बेटे के ससुर और उसके भाई के लड़कों ने उनके साथ मारपीट की। धक्का देकर गिराया, जिससे उनके माथे और दाएं हाथ पर चोटें आईं। कौशल्या ने एक गंभीर आरोप अपनी बड़ी पुत्रवधू पर भी लगाया है। उनका कहना है कि बड़ी पुत्रवधू बाजार में ब्यूटी पार्लर चलाती है, जहां एक अन्य महिला के साथ मिलकर अवैध गतिविधियां चलाती है। उन्होंने इस बारे में नोहर पुलिस थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एएसपी ने अब नोहर पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बुजुर्ग पीड़ित कौशल्या के अनुसार उसे अंदेशा है कि उसके दोनों पुत्र व उनकी पत्नियां मकान के लालच में कभी भी उसे जान से खत्म कर सकते हैं। वह अपने मकान से दोनों पुत्रों व पुत्रवधुओं को बेदखल करना चाहती है। बुजुर्ग महिला ने एएसपी से गुहार लगाई कि उसके पुत्रों व पुत्रवधुओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा अधिनियम (ओल्ड एक्ट) के तहत कार्रवाई कर उसके मकान से उसके दोनों पुत्रों व उनकी पत्नियों को हटाया जाए। एएसपी ने चैंबर से बाहर आकर वृद्धा की फरियाद सुनी और नोहर पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।