123 करोड़ की दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं तैयार:केशवरायपाटन क्षेत्र के 4 हजार हेक्टेयर में होगी सिंचाई, 18 जून को ओम बिरला करेंगे लोकार्पण

123 करोड़ की दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं तैयार:केशवरायपाटन क्षेत्र के 4 हजार हेक्टेयर में होगी सिंचाई, 18 जून को ओम बिरला करेंगे लोकार्पण
बूंदी के केशवरायपाटन क्षेत्र में किसानों को सिंचाई की नई सुविधा मिलने जा रही है। गेंडोली और फौलाई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं पर कुल 123.87 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। गेंडोली परियोजना 67.52 करोड़ की लागत से बनाई गई है। यह मेज नदी पर स्थित है। इससे गेंडोली कला, गेंडोली खुर्द, गेंडोली की झोपड़ियां, जड़ोल, महुआ, गुथा और नया गांव की 1987.84 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इस परियोजना के सभी निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। विद्युत कनेक्शन लग चुका है और टेस्टिंग चल रही है। फौलाई परियोजना पर 56.35 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इससे मैसखेड़ा, गोपालपुरा, गोठड़ा, जगन्नाथपुरा, जजुरियान, कुआगांव, लोहली, मुरंखुड़ा, फौलाई और बिरामपुरा की 1997.78 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इस परियोजना के सभी कार्य पूरे हो चुके हैं और परीक्षण अंतिम चरण में है। दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण 18 जून को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। इन परियोजनाओं से किसान अब केवल मानसून पर निर्भर नहीं रहेंगे। रबी और खरीफ दोनों सीजन में फसल उत्पादन बढ़ेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और गांवों में आजीविका को स्थायित्व मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, टेस्टिंग कार्य जल्द पूरा कर किसानों को लाभ दिया जाएगा।