111 निकायों का परिसीमन अटका:15 की बजाय 51% तक घटा-बढ़ा दी आबादी; 22 मई को जारी होना था नोटिफिकेशन, अब तक जारी नहीं हो सका

111 निकायों का परिसीमन अटका:15 की बजाय 51% तक घटा-बढ़ा दी आबादी; 22 मई को जारी होना था नोटिफिकेशन, अब तक जारी नहीं हो सका
राजस्थान के 111 स्थानीय निकायों का ‘परिसीमन और पुनर्गठन’ अटकता नजर आ रहा है। वार्डों के पुनः सीमांकन और परिसीमन का नोटिफिकेशन 22 मई को जारी होना था, लेकिन 30 दिन बाद 22 जून तक भी जारी नहीं हो सका है। खबर है कि नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में मनमर्जी से परिसीमन किया गया। नियमानुसार वार्डों के पुनर्गठन में औसत आबादी से 15 प्रतिशत कम–ज्यादा करने की गुंजाइश दी गई थी। मगर कई निकायों के वार्डों में आबादी का प्रतिशत 51 प्रतिशत से ज्यादा बदल दिया गया। दरअसल, विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद जनता को सर्वाधिक रुचि अपने शहर की सरकार चुनने में होती है। मगर सरकार शहरी सरकार के गठन में ऐसे रोड़े डाल रही है कि उसकी गुत्थी सुलझने की जगह और उलझती जा रही है। सड़क, पहाड़, जल स्रोत व अन्य भौगोलिक स्थितियों की वजह से राजस्थान के 111 शहरी निकायों के कई वार्डों के परिसीमन प्रस्तावों में वार्डों की आबादी निर्धारित औसत जनसंख्या से 15 प्रतिशत से भी ज्यादा हो रही है। कहीं–कहीं तो यह 51 प्रतिशत तक पहुंच गई। इसके चलते इन वार्डों का परिसीमन और पुनर्गठन अटक गया है। डीएलबी निर्णय नहीं कर पा रही है कि 51 प्रतिशत आबादी कैसे एडजस्ट करें।स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की अध्यक्षता में गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने इसे लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी अवगत कराया है।प्रयास किए जा रहे हैं कि औसत जनसंख्या के 15 प्रतिशत की छूट को बढ़ाकर 20 से 25 प्रतिशत तक किया जाए। सूत्रों के मुताबिक भाजपा निकाय चुनाव के लिए माइक्रो लेवल मॉनिटरिंग का मैकेनिज्म तैयार कर रही है ताकि छोटे से छोटे निकाय में भाजपा का दबदबा बने। इनसाइट : जानें वार्ड परिसीमन के बाद कहां क्या हालात अजमेर नगर निगम: 80 वार्ड; औसत जनसंख्या 6,908। औसत से 15% कम आबादी के 9 वार्ड और अधिक आबादी के 15 वार्ड हैं। वार्ड 63 में आबादी 22.85% तक बढ़ी। बीकानेर नगर निगम: 80 वार्ड; औसत जनसंख्या 7,825। 15% से अधिक या कम जनसंख्या वाला कोई वार्ड नहीं। खाजूवाला नगर पालिका में 20 वार्ड हैं और सभी में औसत से 15% से ज्यादा जनसंख्या है – यहां नए सिरे से परिसीमन की जरूरत है। जयपुर ग्रेटर: औसत जनसंख्या 21,312। 15% से कम आबादी के 27 वार्ड; वार्ड 132 में औसत से 51% कम जनसंख्या। 15% से अधिक आबादी के भी 27 वार्ड; वार्ड 135 में औसत से 51% अधिक आबादी। जोधपुर साउथ नगर निगम: 15% से कम आबादी वाले 33 वार्ड। वार्ड 70 में 24.56% कम आबादी। 15% से ज्यादा आबादी वाले 15 वार्ड। कोटा नगर निगम: औसत वार्ड जनसंख्या 10,398। 15% से कम आबादी वाले 39 वार्ड; 15% से ज्यादा के 22 वार्ड। उदयपुर नगर निगम: औसत जनसंख्या 7,170। 15% से कम आबादी वाला कोई वार्ड नहीं। वार्ड 1 में 28.2% और वार्ड 80 में 23.7% ज्यादा आबादी। भरतपुर नगर निगम: 65 वार्ड; औसत जनसंख्या 4,474। 5 वार्ड 15% से कम और 2 वार्ड 15% से ज्यादा आबादी वाले।