10 साल में निर्धन और लावारिसों शवों की अंत्येष्टि की जरूरतमंदों के इलाज व सामाजिक सरोकार में भी सक्रिय

भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर बेसहारा व गरीब वर्ग के लोगों का सहारा बना परमो धर्म ग्रुप के 1010 सदस्य सामाजिक सरोकार की गतविधियों में भी सक्रिय हैं। दस साल में 200 निर्धन व लावारिस शवों की अंत्येष्टि कर पुण्य लाभ लेने वाले सदस्य अब गर्मी में पशु पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर पानी का इंतजाम करने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा गरीब व जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल पहुंचकर हरसंभव मदद व देखभाल का भी जिम्मा उठा रहे हैं। ग्रुप से जुडे अवधेश शर्मा का मानना है कि परोपकार से बड़ा कोई पुण्य काम नहीं है, इसी सेवाभाव को लेकर सवाई माधोपुर में 1010 लोगों का सेवा परमो धर्म ग्रुप है। जिनका समाज में काई नहीं होता, उनकी देखभाल की जिम्मेदारी से लेकर मरणोपरांत तक के क्रियाकर्म निभाते हैं। इस ग्रुप में जिलेभर के बिजनेसमैन, डॉक्टर, अधिकारी, महिलाएं व बडी संख्या में युवा जुडे हैं। अब तक 200 से ज्यादा निर्धन व लावारिस शवों का दाह संस्कार कर चुके हैं और ज्यादातर की हरिद्वार व सौंरोजी में अस्थि विसर्जन कर आत्मशांति की प्रार्थना की जाती है। शवों की पहचान के बाद धर्म के अनुसार अंत्येष्टि क्रिया निभाई जाती है। उन्होंने बताया कि सेवा परमो धर्म ग्रुप सवाई माधोपुर में 2015 में बनाया था। समाज सेवा कार्यों में औसतन सालाना 10 लाख रुपए तक खर्च करते हैं। लावारिस शवों की अंत्येष्टि के अलावा ग्रुप सामाजिक सरोकार की गतिविधियों में भी सहभागिता निभाता है। ब्लड व गरीब मरीजों के लिए एंबुलेंस की सुविधा गरीबों के हित में रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों को ब्लड मुहैया कराता है। अभी तक 15 कैंपों में हजार से ज्यादा यूनिट रक्त संग्रहण किया। अस्पताल में गरीब व लावारिस व्यक्तियों के इलाज, दवाई, भोजन से लेकर उनको रैफर की स्थिति में एंबुलेंस तक की व्यवस्था का बीड़ा उठाते हैं। लॉक डाउन में 2 लाख रुपए की राशन सामग्री के किट गरीबों के घरों तक पहुंचाए। मास्क बांटे, गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर व मदद की।