हिमाचल की 90 डिग्री वाली सड़कें देख हैरान हुए रिजिजू:केंद्रीय मंत्री ने शेयर किया VIDEO, बोले- कोई गिरा, तो हड्डी भी नहीं मिलेगी

हिमाचल प्रदेश की खतरनाक सड़कें देखकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू हैरान हो गए। किरेन रिजिजू गुरुवार दोपहर बाद शिमला से सड़क मार्ग से किन्नौर के लिए रवाना हुए। रामपुर के झाखड़ी से आगे किन्नौर तक कई जगह 80 से 90 डिग्री ढलान वाले ढांक को काटकर नेशनल हाईवे-5 बनाया गया है। ऐसी खतरनाक सड़क देखकर वह दंग रह गए। इससे जुड़ा वीडियो उन्होंने खुद अपने फेसबुक पर शेयर किया। इसमें रिजिजू कह रहे हैं कि यह कितना भयानक है। बोले- अगर कोई गिरा तो हड्डी भी नहीं मिलेगी उन्होंने कहा कि अगर यहां से स्लिप होकर गिर गया तो जिंदा तो छोड़ दीजिए, हड्डी भी नहीं मिलेगी। उनके साथ गाड़ी में सवार दूसरा व्यक्ति कहता है कि रिकवरी भी नहीं होती। गायब ही हो जाते हैं। रिजिजू का यह वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। 3 दिन के हिमाचल दौरे पर हैं रिजिजू बता दें कि किरेज रिजिजू तीन दिन के हिमाचल दौरे पर आए हैं। वह आज किन्नौर जिला के दौरे पर हैं। वह कुछ प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। बीते कल उन्होंने आपातकाल के 50 वर्ष पूरा होने पर शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कांग्रेस पर हमला बोला। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है NH-05 वीडियो में किरेन रिजिजू नेशनल हाईवे-05 यानी इंडो तिब्बत सड़क की बात कर रहे हैं। इसी सड़क से होते हुए भारत-चीन सीमा पर तैनात आईटीबीपी के जवान किन्नौर के लिए आवाजाही करते हैं। इस वजह से यह सड़क सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है।