संवाद ने निर्दोष साबित होने की कोशिशकी, आकृति ने लगाए शोषण के आरोप

संवाद ने निर्दोष साबित होने की कोशिशकी, आकृति ने लगाए शोषण के आरोप
रवींद्र मंच के मिनी थिएटर में गुरुवार को शाहरुख खान अब्बासी के निर्देशन में नाटक ‘मी टू’ का मंचन किया गया। नाटक आरजे 14 आर्ट एण्ड वेलफेयर सोसायटी की ओर से खेला गया। इसकी कहानी एक फिल्म निर्देश और एक महत्वाकांक्षी युवती पर आधारित है। आकृति नाम की युवती फिल्म निर्देशक संवाद के पास फिल्म में काम मांगने पहुंचती है। पहली मुलाकात में ही दोनों के बीच आकर्षण पैदा होता है। वे बहुत जल्दी एक-दूसरे के करीब आ जाते हैं। यह नजदीकी कुछ समय तक चलती है। कुछ ही दिनों बाद संवाद को पता चलता है कि आकृति ने उसके खिलाफ ज्यादती का मामला दर्ज करा दिया है। उसकी प्रतिष्ठा और कॅरियर सब एक पल में खतरे में पड़ जाता है। अदालती कार्यवाही शुरू होती है। संवाद अपने वकील की मदद से खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करता है। वहीं आकृति संवाद पर जबर्दस्ती और शोषण के गंभीर आरोप लगाती है। दोनों तरफ से ज़ोरदार बहस होती है। सच क्या है यह समझना मुश्किल हो जाता है। सुनवाई के दौरान हर गवाही और दस्तावेज पर सवाल उठते हैं। फिर आता है वह निर्णायक मोड़... अदालत में सबूतों और गवाहों की गहन पड़ताल के बाद एक चौंकाने वाला सच सामने आता है कि आकृति ने अपने दोस्त जोजो के साथ मिलकर संवाद की संपत्ति लूटने के चक्कर में संवाद के खिलाफ झूठा मामला गढ़ा था। अंत में संवाद निर्दोष साबित हो जाता है। नाटक में मृणाल चौपड़ा, शाहरुख खान अब्बासी, मनोज इडीवल, मोनिका कौर, असलम कुरैशी, महेश योगी, आदिल खान, खुर्शीद आलम, सुनील सैनी, तरुण शर्मा, सितारा, ग्रीराज, सुनील, फरहान, रूपाली, लोकेश, यश, नमन ने अभिनय किया।