यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने किए श्रीनाथजी के दर्शन:बोले- साल के अंत तक नगर निकाय चुनाव कराने का प्रयास

शहरी विकास और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को राजसमंद के नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर में श्रीजी प्रभु के दर्शन किए।
दोपहर को नाथद्वारा पहुंचे खर्रा ने प्रभु श्रीनाथजी की राजभोग झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मंदिर परंपरा अनुसार खर्रा को उपरना ओढ़ा कर प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया गया। दर्शन के बाद मंत्री ने कहा कि वे राजसमंद दौरे पर आए थे, जहां उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा के साथ ही विभिन्न शिलान्यास व लोकार्पण किए, वहीं आज श्रीनाथजी के दर्शन किए व प्रभु से देश प्रदेश में खुशहाली की कामना की व देश की प्रगति उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो यही प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि देश में कुछ अति बुद्धिजीवी नेता है, जिन्हें सेना की ताकत व शौर्य पर विश्वास नहीं है और इन्हीं नेताओं के बयानों को पाकिस्तान भी इस्तेमाल करता है और यह देश के लिए ठीक नहीं है। विपक्ष का काम समालोचना करना है लेकिन विपक्ष केवल आलोचना करना चाहता है चाहे कार्य अच्छे ही क्यो ना हो। नगर निकायों के चुनावों को लेकर मंत्री ने बताया कि सरकार फिलहाल नगर निकायों के पुनर्गठन व सीमांकन का कार्य कर रही है, जिसके बाद मतदाता सूचियों बनाने का कार्य होगा व इसके बाद दिसम्बर माह तक सभी नगर निकायों के एक साथ चुनाव करवाने की प्रक्रिया की जाएगी।
जहां तक अतिक्रमण या अवैध निर्माण की बात है तो चाहे जनप्रतिनिधि हो या प्रशासक सभी इसके लिए उत्तरदायी होते है और अगर शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि वे लगातार जनता से विचार विमर्श कर नई टाउनशिप पालिसी बनाने का कार्य कर रहे है और नगर निकायों से सम्बन्धित नियम व कायदों का सरलीकरण कर सीधे व स्पष्ट नियम बनाने का कार्य कर रहे है।