नैनवां में भाजपा को झटका:पार्षद सीमा शर्मा और उनके पति ने पद से दिया इस्तीफा, आंतरिक गुटबाजी का आरोप

बूंदी के नैनवा में भाजपा को झटका लगा है। वार्ड नंबर 4 से भाजपा पार्षद सीमा शर्मा ने नगर पालिका के पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके पति अरविन्द कुमार शर्मा ने भी बूथ संख्या 102 के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिया है। दोनों ने प्रदेशाध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा है। यह इस्तीफे नैनवां शहर में चल रही पार्टी की आंतरिक गुटबाजी का नतीजा माना जा रहा है। शहर अध्यक्ष पद पर अनिल रंगीला की नियुक्ति के बाद से विवाद शुरू हुआ। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शहर अध्यक्ष को ग्रामीण मंडल के लोग नियंत्रित कर रहे हैं। विरोध के चलते कार्यकर्ताओं ने पूर्व अध्यक्ष केसरलाल नोगिया को शहर अध्यक्ष घोषित कर दिया था। वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद नोगिया ने पार्टी निर्देशों का पालन करने की सहमति दी। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि नैनवां की राजनीति में ऐसे नेताओं का दखल बढ़ रहा है, जिन्होंने पहले पार्टी से गद्दारी की है। जिला प्रमुख चुनाव में एक जिला परिषद सदस्य द्वारा पार्टी समर्थित उम्मीदवार को वोट न देने से भाजपा जिला प्रमुख पद नहीं जीत पाई थी। ग्रामीण मंडल के कई नेता अपने बूथ तक नहीं जिता पाए, फिर भी उन्हें वरिष्ठ नेताओं की श्रेणी में रखा गया है।