जिसकी मौत हो चुकी उसके खिलाफ FIR, अरेस्ट दिखाया:भाद्राजून पुलिस की गंभीर लापरवाही; घर से मिली थी शराब की 25 पेटियां

जालोर की भाद्राजून की पुलिस का एक कारनामा सामने आया है। जिस व्यक्ति का 3 महीने पहले अस्थमा बीमारी से निधन हो चुका है। उसके खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम में केस दर्ज कर लिया। पुलिस को व्यक्ति के घर से 25 पेटी शराब बरामद हुई थी। दरअसल जिले के भाद्राजून थाने की पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 31 मई को घाणा गांव के शंभू सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। दो लोगों को गिरफ्तार भी किया। जिस शंभू सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया उनकी मौत 3 महीने पहले हो चुकी है। शंभू सिंह की उम्र 65 साल थी, उन्हें अस्थमा था। पुलिस ने शंभू सिंह के घर से 25 कार्टन अवैध शराब जब्त की थी। परिवार ने बताया कि शराब के लिए कमरा ठेके वालों को किराए पर दिया था। शंभू सिंह के बेटे उम्मेदसिंह ने बताया- गांव में पुश्तैनी मकान बना हुआ है। यह मेरे पिता के नाम पर है। इस मकान में मैं और मेरा भाई रहते हैं। मकान में एक कमरा शराब ठेकेदार अमरसिंह व विक्रम सिंह को किराए पर दिया हुआ है। पिछले लम्बे समय से ब्रांच का संचालन किया जा रहा है। ठेकेदारों के अनुसार बिल का माल ही बिकता है। 31 मई को भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम व डीएसटी टीम के एएसआई जयसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शम्भू सिंह के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने 25 कार्टन शराब बरामद की। इस मामले में पुलिस ने शंभू सिंह को ही आरोपी बना दिया और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। इतना ही नहीं 2 जून को जालोर पुलिस ने अपने एक्स अकाउंट पर मृतक शम्भू सिंह को गिरफ्तार भी बता दिया। आहोर डीएसपी अनिल पुरोहित से जब इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा- क्या मामला है, मेरी जानकारी में नहीं है, जांच कराता हूं, आप थानाधिकारी से बात करो। भाद्राजून थानाधिकारी लालाराम ने बताया- पुलिस व डीएसटी टीम ने कार्रवाई की थी। मकान में कोई नहीं था। पड़ोस में पूछने पर पता चला कि शंभू सिंह का मकान है। उस वक्त मामला दर्ज कर लिया। बाद में पता चला कि मकान मालिक की मौत हो चुकी है। जांच अधिकारी को बता दिया है। एक्स एकाउंट पर हमारी और से किसी की गिरफ्तारी नहीं बताई गई। हमारे लिए तो आरोपी अभी भी फरार ही हैं। इसकी हमें कोई जानकारी नहीं हैं। एसपी बोले- आरोपी नहीं बनाया, मकान का मालिक है जालोर एसपी ज्ञानचंद्र यादव ने बताया- पुलिस ने शम्भू सिंह को आरोपी नहीं बनाया है। उसका मकान है, इसलिए उसको आरोपी माना। एक्स एकाउंट पर शम्भू सिंह की नहीं, अन्य दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी दिखाई है।